अमित बघेल आज कोर्ट में सरेंडर कर सकते हैं, बड़ी संख्या में पुलिस मुस्तैद; 12 राज्यों में दर्ज हैं FIR
अमित बघेल कोर्ट में कर सकते हैं सरेंडर
छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के प्रदेश अध्यक्ष और जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के प्रमुख अमित बघेल आज कोर्ट में सरेंडर कर सकते हैं। इस संभावना को देखते हुए कोर्ट परिसर में पुलिस ने भारी बंदोबस्त किया है। बताया जा रहा है कि समर्पण से पहले ही पुलिस उनकी गिरफ्तारी की तैयारियों को अंतिम रूप दे चुकी है। आपत्तिजनक बयान के मामले में अमित बघेल पिछले दो महीनों से फरार चल रहे थे।
सुप्रीम कोर्ट की कड़ी टिप्पणी
26 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट ने अमित बघेल की अग्रिम जमानत याचिका खारिज करते हुए उन्हें जमकर फटकार लगाई थी। सुनवाई के दौरान अदालत ने साफ कहा था कि वह अपनी जुबान पर नियंत्रण रखें और जहां-जहां FIR दर्ज है, वहां की कानूनी प्रक्रिया का सामना करें। अदालत ने किसी भी तरह की राहत देने से इंकार कर दिया था।
read more : 95% दिव्यांग फिर भी कला से रचा इतिहास: कुरूद के चित्रकार बसंत साहू को राष्ट्रपति ने किया सम्मानित
12 राज्यों में दर्ज FIR, सुप्रीम कोर्ट ने नहीं दी राहत
पहले 24 नवंबर की सुनवाई में सुप्रीम कोर्ट ने ही संकेत दे दिया था कि वह इस मामले में हस्तक्षेप नहीं करेगी। कोर्ट ने टिप्पणी की थी कि पुलिस उन्हें अलग-अलग राज्यों में ले जाएगी, “पूरे देश की सैर का आनंद लीजिए।”
वर्तमान में अमित बघेल पर 12 राज्यों में FIR दर्ज है और वह करीब 26 दिनों से फरार चल रहे हैं। सभी FIR को क्लब करने की उनकी मांग को भी अदालत ने खारिज कर दिया था, साथ ही फिर से यह चेतावनी दी थी कि वे अपनी भाषा पर संयम रखें।
