Ambikapur Crime News: दिल दहला देने वाली हत्या, युवती और दो युवकों ने चाकू से गोदकर अधेड़ की हत्या, CCTV में कैद वारदात

Ambikapur Crime News: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर शहर से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। गांधीनगर थाना क्षेत्र में एक युवती और दो युवकों ने मिलकर एक अधेड़ व्यक्ति की चाकू से बेरहमी से हत्या कर दी। इस खौफनाक वारदात का पूरा घटनाक्रम पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जिसके आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपी युवक अभी फरार हैं।

घटना गांधीनगर मोहल्ले की है। शुक्रवार सुबह डेरी फार्म रोड स्थित एक मकान के सामने अधेड़ व्यक्ति का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। वार्ड पार्षद विपिन पांडे ने तत्काल गांधीनगर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची।

CCTV में कैद हुआ मर्डर

पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें रात करीब 11 से 12 बजे के बीच एक युवती और दो युवक मिलकर अधेड़ व्यक्ति पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला करते हुए दिखाई दिए। हमले में व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान बबलू मंडल के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना के लगभग 12 घंटे के भीतर ही एक आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, दो अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की कई टीमें दबिश दे रही हैं।

हत्या की वजह अब भी रहस्य

फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार युवती नशे की आदी बताई जा रही है। मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है, ताकि हत्या के असली कारणों का पता लगाया जा सके।

इस बीच वार्ड पार्षद विपिन पांडे ने क्षेत्र में खुलेआम नशे के कारोबार का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि इलाके में नशीले इंजेक्शन और शराब का अवैध धंधा बड़े पैमाने पर चल रहा है, जिससे युवा पीढ़ी नशे की गिरफ्त में जा रही है। उन्होंने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

परिजनों का आरोप और पुलिस का बयान

मृतक के रिश्तेदारों ने बताया कि बबलू मंडल रात करीब 11 बजे शराब के नशे में घर से निकला था, जिसके बाद सुबह उसकी हत्या की सूचना मिली। परिजनों ने आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग की है।

गांधीनगर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार द्विवेदी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच तेजी से जारी है और फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

Youthwings