Ajit Pawar Plane Crash Case: पत्नी सुनेत्रा पवार ने देवेंद्र फडणवीस से की अजित पवार विमान हादसा में CBI जांच की मांग
Ajit Pawar Plane Crash Case: महाराष्ट्र के दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार के विमान हादसे की सीबीआई जांच की मांग उठाई गई है। मंगलवार को उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार के नेतृत्व में एनसीपी के कई नेताओं ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात कर इस मामले की स्वतंत्र जांच की अपील की।
मुलाकात में एनसीपी के नेशनल वर्किंग प्रेसिडेंट प्रफुल्ल पटेल, स्टेट प्रेसिडेंट और सांसद सुनील तटकरे, मंत्री हसन मुश्रीफ, और युवा नेता पार्थ पवार भी शामिल थे। बैठक के बाद सुनील तटकरे ने मीडिया से कहा कि मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार द्वारा केंद्रीय गृह मंत्री को पत्र भेजकर सीबीआई जांच कराने का आश्वासन दिया है।
इससे पहले सुनेत्रा पवार नई दिल्ली भी गई थीं, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। इसके अलावा, एनसीपी-एसपी विधायक रोहित पवार ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को अपील की थी कि 28 जनवरी को बारामती के पास हुए विमान हादसे की व्यापक, पारदर्शी और स्वतंत्र जांच कराई जाए।
28 जनवरी को बारामती में लेयरजेट-45 विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें उपमुख्यमंत्री अजित पवार समेत छह लोगों की मौत हुई थी। अजित पवार उस समय जिला परिषद और पंचायत समिति के चुनावों के बीच एक जनसभा में भाग लेने के लिए बारामती जा रहे थे, जब विमान लैंडिंग के दौरान नियंत्रण से बाहर हो गया।
