26 जनवरी तक एयर इंडिया की रायपुर से दिल्ली की फ्लाइट रहेंगी रद्द

रायपुर। गणतंत्र दिवस को लेकर राजधानी दिल्ली में लागू कड़े सुरक्षा इंतजामों का असर अब हवाई सेवाओं पर भी दिखने लगा है। एयर इंडिया ने रायपुर–दिल्ली–रायपुर सेक्टर की नियमित उड़ानों को 26 जनवरी तक अस्थायी रूप से रद्द कर दिया है। रद्द की गई उड़ानों में सुबह संचालित फ्लाइट AI 1718 भी शामिल है।

एयर इंडिया द्वारा जारी आधिकारिक सूचना में बताया गया है कि राष्ट्रीय राजधानी के एयर स्पेस में अतिरिक्त सुरक्षा प्रतिबंध लगाए गए हैं। इन्हीं प्रतिबंधों के चलते कुछ उड़ानों का संचालन अस्थायी रूप से रोकना पड़ा है। अधिकारियों के अनुसार, यह निर्णय यात्रियों की सुरक्षा और गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से बचाव के उद्देश्य से लिया गया है।

इस फैसले से रायपुर से दिल्ली यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है, खासकर उन लोगों को जिन्होंने पहले से टिकट बुक करा रखे हैं। एयरलाइन और एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी फ्लाइट की स्थिति की पुष्टि जरूर कर लें।

रिफंड और वैकल्पिक उड़ानों की सुविधा

एयर इंडिया ने प्रभावित यात्रियों के लिए पूर्ण रिफंड और वैकल्पिक उड़ानों में सीट समायोजन की सुविधा उपलब्ध कराई है। रायपुर एयरपोर्ट पर पहले ही सुरक्षा जांच के चलते यात्रियों को अतिरिक्त समय देना पड़ रहा है, ऐसे में उड़ान रद्द होने से यात्रा योजनाओं में बदलाव जरूरी हो गया है।

सुरक्षा एजेंसियों ने स्पष्ट किया है कि यह व्यवस्था अस्थायी है और गणतंत्र दिवस समारोह संपन्न होने के बाद उड़ानों का संचालन सामान्य कर दिया जाएगा। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे एयर इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट या हेल्पलाइन से ताजा अपडेट लेते रहें।

Youthwings