CG Liquor Scam: अवैध शराब परिवहन मामले में ACB-EOW की बड़ी कार्रवाई, जब्त किए 16 वाहन

CG Liquor Scam: छत्तीसगढ़ में अवैध शराब परिवहन मामले में राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (ACB-EOW) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भाटिया वाइंस डिस्टलरी और वेलकम डिस्टलरी की कुल 16 वाहन जब्त की हैं। जांच में पाया गया कि इन वाहनों के माध्यम से शासकीय शराब दुकानों तक अवैध शराब पहुँचाई जाती थी।

जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि डिस्टलरी मालिक अपनी कंपनियों, कर्मचारियों और भरोसेमंद व्यक्तियों के नाम से खरीदी गई गाड़ियों का उपयोग अवैध शराब (पार्ट-बी) के परिवहन में कर रहे थे। डिजिटल और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर यह प्रमाणित हुआ कि यह अवैध परिवहन प्रणाली लंब समय से संचालित हो रही थी।

राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो ने इस मामले में धारा 7, 12 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) तथा धारा 420, 467, 468, 471, 120-बी भा.दं.वि. के तहत मामला दर्ज किया है। जांच में वेलकम डिस्टलरी कोटा (जिला बिलासपुर) से 08 और भाटिया वाइंस डिस्टलरी सरगांव (जिला मुंगेली) से 08 वाहन जब्त किए गए।

जांच में यह भी सामने आया कि केडिया डिस्टलरी में भी निजी गाड़ियों का उपयोग अवैध शराब परिवहन के लिए किया गया था। उन गाड़ियों के स्वामित्व और उपयोग संबंधी जांच अलग से जारी है। ACB-EOW ने इस प्रकरण में आगे की विवेचना और कार्रवाई जारी रखने की पुष्टि की है।

इस कार्रवाई से अवैध शराब परिवहन में शामिल डिस्टलरियों और उनके नेटवर्क पर कड़ी नजर रखने का संकेत मिलता है।

Youthwings