छत्तीसगढ़ में DMF घोटाले पर ACB–EOW की बड़ी छापेमारी, कई जिलों में एक साथ कार्रवाई

ACB–EOW की बड़ी छापेमारी

ACB–EOW की बड़ी छापेमारी

छत्तीसगढ़ से बुधवार सुबह बड़ी खबर आई है। राज्य में एसीबी (ACB) और ईओडब्ल्यू (EOW) की टीमों ने डीएमएफ घोटाले (DMF Scam Case) में एक साथ कई जिलों में ताबड़तोड़ छापेमारी की है। इस कार्रवाई से पूरे प्रशासनिक तंत्र में हड़कंप मच गया है।

सुबह-सुबह कई ठिकानों पर छापे

सूत्रों के अनुसार, बुधवार सुबह-सुबह एसीबी और ईओडब्ल्यू की टीमों ने बड़े कारोबारियों, ठेकेदारों और सप्लायरों के ठिकानों पर एक साथ छापे मारे। टीम रायपुर, दुर्ग, धमतरी, राजनांदगांव और कुरूद सहित कई जिलों में जांच कर रही है।

किन जिलों में हुई रेड

मिली जानकारी के मुताबिक, रायपुर में 5, दुर्ग में 2, राजनांदगांव में 4, और कुरूद में 1 ठिकाने पर छापे पड़े हैं। रायपुर में पचपेड़ी नाका स्थित वॉलफोर्ट इन्क्लेव में टीम जांच में जुटी है। वहीं राजनांदगांव में 10 गाड़ियों के काफिले के साथ टीम ने छापेमारी की, जिसमें भारत माता चौक स्थित राधा कृष्ण एजेंसी, सत्यम विहार कॉलोनी में नहाटा का घर और कामठी लाइन स्थित भंसाली का निवास शामिल है।

दस्तावेज जब्त, कई लोगों से पूछताछ

टीमों ने छापे के दौरान DMF फंड से संबंधित कई दस्तावेजों की जांच और जब्ती की है। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद कुछ लोगों से पूछताछ भी की है। हालांकि अभी तक ACB या EOW की ओर से इस कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

क्या है DMF फंड?

डीएमएफ (District Mineral Foundation) एक विशेष फंड है, जिसका उद्देश्य खनन प्रभावित क्षेत्रों का विकास करना है। खनन कंपनियों से मिलने वाली राशि का उपयोग स्कूल, अस्पताल, सड़क, और पेयजल जैसी योजनाओं में किया जाना चाहिए, लेकिन जांच में सामने आया है कि इस फंड का गैर-जरूरी और उच्च कमीशन वाले प्रोजेक्ट्स में दुरुपयोग किया गया।

भ्रष्टाचार का बड़ा नेटवर्क बेनकाब

एक रिपोर्ट के मुताबिक, फंड खर्च के नियमों में बदलाव कर मटेरियल सप्लाई, ट्रेनिंग, कृषि उपकरण, खेल सामग्री और मेडिकल उपकरणों जैसी नई कैटेगरी जोड़ी गईं। इससे असली विकास कार्यों को दरकिनार कर फर्जी प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दी गई।

कोरबा में 575 करोड़ का घोटाला उजागर

जांच एजेंसियों की रिपोर्ट में कोरबा जिले में 575 करोड़ रुपए से अधिक के घोटाले का खुलासा हुआ है। एसीबी और ईओडब्ल्यू की संयुक्त जांच से यह अनुमान लगाया जा रहा है कि आने वाले दिनों में घोटाले की और बड़ी परतें खुल सकती हैं।

 

Youthwings