Abujhmad Freed From Naxalism: अबूझमाड़ नक्सल आतंक से पूरी तरह मुक्त, ITBP ने बसाया नया कैंप, माओवादी कॉरिडोर सील
Abujhmad Freed From Naxalism: छत्तीसगढ़ के घने और बेहद कठिन माने जाने वाले अबूझमाड़ क्षेत्र को नक्सली आतंक से मुक्त कराने में सुरक्षा बलों ने बड़ी सफलता हासिल की है। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) ने लगातार एक वर्ष तक रणनीतिक विस्तार करते हुए इस इलाके में अपने कैंप स्थापित किए और माओवादियों की आखिरी प्रमुख इंटर-स्टेट मूवमेंट लाइन को पूरी तरह सील कर दिया।
तीन महीनों में 9वां कैंप स्थापित
ITBP ने नारायणपुर से करीब 135 किलोमीटर दूर लंका कंपनी ऑपरेटिंग बेस (COB) का निर्माण किया है। यह पिछले तीन महीने के भीतर ITBP और छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा स्थापित किया गया 9वां कैंप है। कभी नक्सलियों का मजबूत गढ़ रहा यह इलाका अब सुरक्षा बलों के नियंत्रण में है।
सील हुआ नक्सलियों का दक्षिण-पूर्वी गलियारा
लंका सीओबी को ITBP की 44वीं बटालियन, छत्तीसगढ़ पुलिस और जिला रिजर्व गार्ड (DRG) द्वारा संयुक्त रूप से संचालित किया जा रहा है। महाराष्ट्र की सीमा से लगभग 3 किलोमीटर दूर इस कैंप की तैनाती ने उस महत्वपूर्ण दक्षिण-पूर्वी सप्लाई और पारगमन मार्ग को काट दिया है, जो पहले महाराष्ट्र के गढ़चिरौली, छत्तीसगढ़ के बीजापुर और तेलंगाना के नक्सल प्रभावित इलाकों को जोड़ता था।
इससे माओवादियों के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है और क्षेत्र में शांति स्थापित होने की प्रक्रिया और मजबूत हुई है।
