क्रिकेट की दुनिया में भारतीय जलवा! अभिषेक और मंधाना ने जीता ‘ICC Player of the Month’ अवॉर्ड

ICC Player of the Month

ICC Player of the Month

ICC Player of the Month: भारतीय क्रिकेट प्रेमियों के लिए गर्व का मौका है, क्योंकि टीम इंडिया के दो सितारों ने इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के मासिक अवॉर्ड पर कब्जा जमा लिया है। सितंबर 2025 के लिए घोषित ICC Player of the Month अवॉर्ड में पुरुष श्रेणी में अभिषेक शर्मा और महिला श्रेणी में स्मृति मंधाना को विजेता घोषित किया गया है। इन दोनों भारतीय खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन से न सिर्फ विरोधी टीमों को हैरान किया बल्कि पूरी दुनिया में भारत का डंका बजा दिया है।

अभिषेक शर्मा बने ICC Player of the Month

भारतीय टीम के युवा और विस्फोटक ओपनर अभिषेक शर्मा ने सितंबर महीने में धमाकेदार प्रदर्शन कर सबका ध्यान अपनी ओर खींचा। आईसीसी की घोषणा के मुताबिक, अभिषेक को इस अवॉर्ड के लिए कुलदीप यादव (भारत) और ब्रायन बेनेट (जिम्बाब्वे) से कड़ी टक्कर मिली, लेकिन उन्होंने अपने शानदार प्रदर्शन से दोनों को पीछे छोड़ दिया। अभिषेक शर्मा ने एशिया कप 2025 में भारत को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने टूर्नामेंट के सात टी20 मैचों में 314 रन बनाए, जिसमें तीन अर्धशतक शामिल थे। उनके दमदार प्रदर्शन की बदौलत उन्हें Player of the Tournament भी चुना गया था। वर्तमान में अभिषेक दुनिया के नंबर-1 टी20 बल्लेबाज भी हैं।

अवार्ड जीतने के बाद अभिषेक शर्मा ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा, “आईसीसी अवॉर्ड जीतना मेरे लिए बेहद गर्व की बात है। यह मेरे करियर के कुछ सबसे अहम मैचों के लिए मिला है, जहां मैं टीम की जीत में योगदान दे सका। मैं अपने कोच, टीम मैनेजमेंट और साथियों का आभारी हूं, जिन्होंने लगातार मेरा हौसला बढ़ाया।” इस उपलब्धि के साथ अभिषेक शर्मा भारत के 10वें क्रिकेटर बन गए हैं, जिन्होंने ICC Player of the Month का खिताब जीता है।

स्मृति मंधाना ने फिर दिखाया कमाल

महिला क्रिकेट में एक बार फिर भारत की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने अपनी क्लासिक बल्लेबाजी से सभी को प्रभावित किया। आईसीसी ने सितंबर 2025 के लिए महिला क्रिकेटर ऑफ द मंथ के रूप में मंधाना को चुना है। स्मृति ने इस महीने भारत की ओर से खेले गए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज में कमाल का प्रदर्शन किया। उन्होंने चार वनडे मैचों में 308 रन ठोके, जिसमें दो शतक और एक अर्धशतक शामिल रहा। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज में उनके स्कोर 58, 117 और 125 रन रहे। सबसे खास बात यह रही कि तीसरे वनडे में उन्होंने मात्र 50 गेंदों में शतक ठोककर भारतीय महिला क्रिकेट इतिहास में सबसे तेज शतक का नया रिकॉर्ड कायम किया। उनके इस प्रदर्शन से भारत ने सीरीज में शानदार जीत हासिल की और मंधाना एक बार फिर महिला क्रिकेट में भारत की सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज साबित हुईं।

दोनों खिलाड़ियों पर गर्व

अभिषेक शर्मा और स्मृति मंधाना की इस उपलब्धि से भारतीय क्रिकेट जगत में जश्न का माहौल है। दोनों ने अपने प्रदर्शन से दिखा दिया है कि भारत के युवा और अनुभवी खिलाड़ी मिलकर विश्व क्रिकेट पर राज करने का दम रखते हैं।

Youthwings