जम्मू में AAP सांसद संजय सिंह को नजरबंद, विधायक मेहराज मलिक पर PSA लगाने को बताया गैर-लोकतांत्रिक

जम्मू। जम्मू-कश्मीर में आम आदमी पार्टी (AAP) के एकमात्र विधायक मेहराज मलिक पर पीएसए (Preventive Detention) लगाने के मुद्दे पर जारी राजनीतिक विवाद के बीच गुरुवार को AAP सांसद संजय सिंह को जम्मू में नजरबंद कर लिया गया। पार्टी के सूत्रों ने इसकी पुष्टि की है।

संजय सिंह बुधवार को अपने विधायक मेहराज मलिक पर लगाए गए पीएसए के विरोध में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर केंद्र सरकार की आलोचना कर रहे थे। जानकारी के मुताबिक, वह आज विधायक की गिरफ्तारी पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाले थे। इस दौरान राज्य के पूर्व सीएम फारूख अब्दुल्लाह भी उनसे मिलने जम्मू पहुंचे।

संजय सिंह ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना

संजय सिंह ने कहा कि उनका विधायक मेहराज मलिक आम जनता के लिए अस्पताल की मांग कर रहा था, लेकिन उन पर पीएसए लगा दिया गया। उन्होंने इसे गैर लोकतांत्रिक और गैर संवैधानिक कार्रवाई बताया और कहा कि “जम्मू-कश्मीर प्रशासन चुने हुए प्रतिनिधि के साथ आतंकियों जैसा व्यवहार नहीं कर सकता।”

संजय सिंह ने आगे कहा, “आज मैं और पूर्व मंत्री इमरान हुसैन अरविंद केजरीवाल के निर्देश पर जम्मू पहुंचे हैं। साथियों के साथ चर्चा कर आगे की रणनीति तय करेंगे। इस लड़ाई को हम लड़ेंगे।”

विधायक की गिरफ्तारी को बताया तानाशाही

सांसद ने इसे तानाशाही करार देते हुए कहा, “लोकतंत्र में कभी अरविंद केजरीवाल को जेल में डाल दिया गया, कभी मनीष सिसोदिया को, कभी सितेंद्र जैन को। अब मेहराज मलिक को भी जेल में डाल दिया गया। यह पूरी तरह से तानाशाही है।”

संजय सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी अस्पताल और स्कूल जैसे मुद्दों पर काम करती है, लेकिन सरकार इस पर चर्चा करने की बजाय मुकदमे दर्ज कर देती है, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।

Youthwings