गढ़चिरौली पुलिस को बड़ी सफलता, हैदराबाद से 2 लाख का इनामी नक्सली गिरफ्तार
महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में नक्सलियों के खिलाफ चल रहे अभियान में पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। गढ़चिरौली पुलिस ने 2 लाख रुपये के इनामी माओवादी को तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद से गिरफ्तार किया है। पकड़े गए नक्सली का नाम शंकर उर्फ अरुण येर्रा मिच्छा है, जिसकी उम्र 25 साल है।
छत्तीसगढ़ का रहने वाला, 2018 में बना था नक्सली
शंकर छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के बांदेपारा गांव का रहने वाला है। वह सितंबर 2018 में माओवादी संगठन से जुड़ा था। शुरू में उसने मद्देड दलम में काम किया और बाद में महाराष्ट्र के गढ़चिरौली इलाके में सक्रिय हो गया। 2018 से 2022 तक वह वरिष्ठ माओवादी नेता शंकर अन्ना का अंगरक्षक रहा। 2022 में उसे पेरामिली दलम में शामिल किया गया।
2024 में संगठन छोड़ा, फिर छिपा रहा हैदराबाद में
2024 में पेरामिली दलम के टूटने के बाद शंकर ने माओवादी संगठन छोड़ दिया और कुछ समय के लिए खेती-किसानी करने लगा। इसके बाद वह आंध्र प्रदेश के अनंतपुर और फिर हैदराबाद जाकर छिप गया। पुलिस को जब उसकी मौजूदगी की जानकारी मिली, तो सी-60 कमांडो दस्ते ने 4 सितंबर को एक गुप्त ऑपरेशन चलाकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
कई मुठभेड़ों और हत्याओं में शामिल
शंकर पर हत्या, मुठभेड़ और कई अन्य गंभीर अपराधों के आरोप हैं। पुलिस के अनुसार वह इन बड़ी घटनाओं में शामिल था:
2020: येदरमी जंगल में पुलिस से मुठभेड़
2021: मडवेली जंगल में गोलीबारी
2023: वेदमपल्ली जंगल में मुठभेड़
2024: चितवेली जंगल में माओवादी हमला
इसके अलावा, नवंबर 2023 में रामजी चिन्ना आत्राम नाम के एक निर्दोष ग्रामीण की हत्या में भी वह शामिल रहा। यह हत्या माओवादियों की ‘जन अदालत’ में की गई थी, जिसमें उसे मुखबिर समझकर मारा गया।
गंभीर धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस ने शंकर पर IPC की धारा 302 (हत्या), 147, 148, 149, 120(B) और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत अहेरी पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया है। उसे कोर्ट में पेश कर चार दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया है।
पुलिस का नक्सलियों पर लगातार प्रहार
गढ़चिरौली पुलिस की यह कार्रवाई माओवादी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता मानी जा रही है। पिछले कुछ वर्षों में पुलिस ने 108 से ज्यादा नक्सलियों को गिरफ्तार किया है और कई मुठभेड़ों में दर्जनों माओवादियों को ढेर किया गया है।
