Jagdalpur Circuit House Dispute: कर्मचारी ने मंत्री केदार कश्यप पर लगाया मारपीट का आरोप, मंत्री ने कहा– झूठा है आरोप
Jagdalpur Circuit House Dispute
जगदलपुर। Jagdalpur Circuit House Dispute: सर्किट हाउस जगदलपुर में शनिवार देर रात बड़ा विवाद सामने आया। वन एवं परिवहन मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता केदार कश्यप पर सर्किट हाउस के एक कर्मचारी ने मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि मंत्री जब दौरे से लौटकर सर्किट हाउस पहुंचे तो दरवाजा देर से खुलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। इसी को लेकर विवाद खड़ा हो गया।
हालांकि मंत्री केदार कश्यप ने इन आरोपों को पूरी तरह से गलत बताते हुए कहा कि, “मैंने सिर्फ कर्मचारियों को फटकार लगाई थी, मारपीट जैसी कोई बात नहीं हुई। यह आरोप पूरी तरह निराधार है।”
कांग्रेस ने साधा निशाना
इस मामले पर कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया दी। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने ट्वीट करते हुए कहा कि “निचले स्तर के कर्मचारियों के साथ मारपीट बेहद गंभीर मामला है।” कांग्रेस नेताओं ने पीड़ित कर्मचारी के साथ मिलकर जगदलपुर कोतवाली में लिखित शिकायत भी दर्ज कराई।
मंत्री का पलटवार
मंत्री कश्यप ने कहा, “हमारे देवतुल्य कार्यकर्ताओं का अपमान किसी भी परिस्थिति में सहन नहीं किया जा सकता। कांग्रेस मुद्दा विहीन है और झूठ फैलाकर राजनीतिक लाभ लेना चाहती है।” उन्होंने पूर्व मंत्री कवासी लखमा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जैसे उनके परिवार ने कार्यकर्ताओं से बदसलूकी की थी, उसी प्रकार अब कांग्रेस के लोग अफवाह फैला रहे हैं।
भाजपा कार्यकर्ताओं का पक्ष
घटना के समय मौजूद भाजपा कार्यकर्ता कीर्ति पाढ़ी ने बताया कि मंत्री के आगमन की सूचना पर वे और अन्य वरिष्ठ कार्यकर्ता बाहर बैठे प्रतीक्षा कर रहे थे। दरवाजा बंद होने के कारण मंत्री नाराज हुए और व्यवस्था पर सवाल उठाए। पाढ़ी ने कहा कि मंत्री ने केवल नाराजगी जताई थी, मारपीट का आरोप पूरी तरह झूठा है।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने यह भी कहा कि मंत्री कश्यप ने सर्किट हाउस की अव्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन कर्मचारियों को हटाने की बात कही, जो वर्षों से पद पर जमे हुए हैं। उनका कहना है कि मंत्री अपने कार्यकर्ताओं के सम्मान के प्रति हमेशा गंभीर रहते हैं और उनका समर्पण प्रशंसनीय है।
