Supreme Court Hearing On Trump Tariff: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सुप्रीम कोर्ट में दी चुनौती, भारत पर टैरिफ को बताया ‘जरूरी’

Supreme Court Hearing On Trump Tariff

Supreme Court Hearing On Trump Tariff

Supreme Court Hearing On Trump Tariff: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने टैरिफ को लेकर सुप्रीम कोर्ट का दरवाज़ा खटखटाया है। दरअसल, अमेरिकी निचली अदालत पहले ही ट्रंप प्रशासन को झटका दे चुकी है और यह कहते हुए उनके फैसले को गैरकानूनी ठहराया था कि राष्ट्रपति के पास हर देश पर मनमाने ढंग से टैरिफ लगाने का अधिकार नहीं है। अदालत ने यह भी कहा था कि आपातकाल घोषित कर दुनिया भर में टैक्स लगाना उचित नहीं है। इसी फैसले के खिलाफ अब ट्रंप ने सुप्रीम कोर्ट में अपील की है।

ट्रंप प्रशासन की दलीलें और चेतावनी

अदालती दस्तावेजों में ट्रंप प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि टैरिफ कम किए गए तो अमेरिका को भारत समेत अन्य देशों से बदले की कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है। कोर्ट में ट्रंप प्रशासन ने यह भी तर्क दिया कि भारत पर टैरिफ इसलिए लगाया गया क्योंकि उसने रूस से तेल खरीदकर अप्रत्यक्ष रूप से यूक्रेन युद्ध में रूस की मदद की है। ट्रंप का कहना है कि यह कदम अमेरिका की आर्थिक मजबूती के लिए बेहद जरूरी है।

ट्रंप प्रशासन ने दावा किया कि एक साल पहले अमेरिका “मृत अर्थव्यवस्था” जैसा था, लेकिन अब जिन देशों ने अमेरिका के साथ “गलत व्यवहार” किया, उनसे खरबों डॉलर आ रहे हैं।

भारत से आयातित उत्पादों पर 50% टैरिफ

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने भारत से आने वाले सामान पर 25% टैरिफ लगाया था, लेकिन रूस से तेल खरीदने के चलते भारत पर अतिरिक्त 25% टैरिफ भी जोड़ दिया। यानी अब कुल मिलाकर अमेरिका भारत से आयातित उत्पादों पर 50% टैरिफ वसूल रहा है।

अमेरिका का तर्क है कि भारत रूस से सस्ते दामों पर तेल खरीदकर उसे बड़ा आर्थिक सहारा दे रहा है, जिससे यूक्रेन युद्ध लंबा खिंच रहा है। इसी वजह से भारत पर यह कठोर आर्थिक दबाव डाला जा रहा है।

Youthwings