IND vs CHN Highlights Asia Cup: भारत ने चीन को 19वीं बार हराया, कप्तान हरमनप्रीत सिंह की हैट्रिक से टीम इंडिया की जीत

IND vs CHN Highlights Asia Cup

IND vs CHN Highlights Asia Cup

IND vs CHN Highlights Asia Cup: एशिया कप 2025 की शुरुआत भारत के लिए बेहद शानदार रही। बिहार के राजगीर में खेले गए पहले ही मुकाबले में भारतीय हॉकी टीम ने चीन को रोमांचक मुकाबले में 4-3 से मात दी। यह मुकाबला और भी खास इसलिए रहा क्योंकि भारत ने यह जीत हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के जन्मदिन पर दर्ज की। इस जीत के साथ भारत ने चीन के खिलाफ जीत का आंकड़ा 19 तक पहुंचा दिया है।

चीन ने पहले किया गोल, भारत ने दिखाई दमदार वापसी

मैच की शुरुआत में घरेलू दर्शकों को उम्मीद थी कि पहला गोल भारत करेगा, लेकिन 12वें मिनट में चीन के खिलाड़ी ड्यू शिहाओ ने पेनल्टी कॉर्नर से गोल कर बढ़त बना ली। हालांकि भारत ने जल्दी ही वापसी की। 18वें मिनट में जुगराज सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर बराबर कर दिया। इसके बाद 20वें मिनट में कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने भी पेनल्टी कॉर्नर पर शानदार गोल कर भारत को 2-1 से आगे कर दिया।

हालांकि, 25वें मिनट में भारत को झटका लगा जब टीम के स्टार खिलाड़ी हार्दिक सिंह को ग्रीन कार्ड दिखाकर दो मिनट के लिए मैदान से बाहर भेजा गया। बावजूद इसके हाफ टाइम तक भारत 2-1 की बढ़त बनाए रखने में सफल रहा।

हरमनप्रीत सिंह की हैट्रिक ने दिलाई जीत

दूसरे हाफ की शुरुआत में भारत ने आक्रामक खेल दिखाया। 33वें मिनट में हरमनप्रीत सिंह ने एक और पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलते हुए स्कोर 3-1 कर दिया। चीन ने भी जोरदार वापसी की कोशिश की और 35वें मिनट में चेन बेनहाई ने गोल कर स्कोर 3-2 कर दिया।

मैच के 47वें मिनट में हरमनप्रीत सिंह ने फिर से पेनल्टी कॉर्नर पर शानदार गोल दागा और अपनी हैट्रिक पूरी की। उनके तीनों गोल पेनल्टी कॉर्नर से आए, जिसने भारत की जीत सुनिश्चित कर दी।

चीन ने अंतिम क्षणों में Jiesheng के जरिए एक और गोल किया, लेकिन भारतीय डिफेंस ने शानदार खेल दिखाकर स्कोर 4-3 पर रोके रखा और मुकाबला जीत लिया। भारत के सूरज और जरमनप्रीत सिंह को भी मैच के दौरान ग्रीन कार्ड मिला।

भारत बनाम चीन हॉकी रिकॉर्ड

इस मुकाबले से पहले भारत और चीन के बीच कुल 24 मैच खेले गए थे। इनमें भारत ने 18 बार जीत दर्ज की थी, जबकि चीन को 3 मैचों में सफलता मिली थी। अब यह 19वीं जीत भारत के नाम हो गई है।

Youthwings