CGPSC में मूल्यांकनकर्ताओं के नाम सार्वजनिक, PCC चीफ ने गोपनीयता पर सवाल उठाया

रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) अध्यक्ष दीपक बैज ने राज्य सरकार पर लोकसेवा आयोग (पीएससी) को बर्बाद करने का आरोप लगाते हुए गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि आयोग की परीक्षाओं की गोपनीयता पूरी तरह भंग हो चुकी है और यहां तक कि उत्तर पुस्तिकाओं की जांच करने वालों के नाम तक सार्वजनिक हो रहे हैं।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में बैज ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने वादा किया था कि पीएससी की परीक्षाएं यूपीएससी की तर्ज पर होंगी। लेकिन आज स्थिति यह है कि परीक्षाओं को मजाक बना दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिलासपुर पीजीबीटी कॉलेज के कुछ शिक्षक, जिनमें विद्याभूषण शर्मा, सलीम जावेद और प्रिंसिपल शामिल हैं, उत्तर पुस्तिकाओं की जांच कर रहे हैं। यही नहीं, डेपुटेशन पर कार्यरत और अपात्र शिक्षकों को भी कॉपी जांचने की जिम्मेदारी सौंप दी गई है।

बैज ने सवाल उठाया कि जब 5वीं की बोर्ड परीक्षा में भी प्रश्नपत्र और मूल्यांकन करने वालों के नाम गोपनीय रखे जाते हैं, तब राज्य स्तरीय उच्च पदों की भर्ती परीक्षा में गोपनीयता क्यों नहीं बरती गई? उनका कहना है कि जब परीक्षकों के नाम बाजार में चर्चा का विषय बने हुए हैं, तो निष्पक्ष मूल्यांकन की गारंटी कैसे दी जा सकती है।

उन्होंने मांग की कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए सीबीआई को जिम्मेदारी दी जानी चाहिए।

 

Youthwings