इच्छा मृत्यु मांगने वाले भाजपा नेता से पूर्व मुख्यमंत्री बघेल ने की बात, बोले- ‘रायपुर आइए , हम कराएंगे इलाज’

रायपुर: सूरजपुर जिले से एक मामला सामने आया है, जहां भारतीय जनता पार्टी के पूर्व मंडल महामंत्री विशंभर यादव ने मुख्यमंत्री से इच्छा मृत्यु की मांग की है। दो साल पहले हुए एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल विशंभर आज भी इलाज के अभाव में बिस्तर पर पड़े हैं। जिसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने खुद पीड़ित परिवार से बात कर इलाज का आश्वासन दिया।

प्रधानमंत्री की सभा में जाते वक्त हुआ था हादसा

विशंभर यादव वर्ष 2022 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रायपुर में आयोजित आमसभा में अपने कार्यकर्ताओं को लेकर जा रहे थे। उसी दौरान बेमेतरा के पास बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें वे बुरी तरह घायल हो गए। हादसे में उन्हें स्थायी विकलांगता हो गई। शुरूआती दिनों में पार्टी और नेताओं ने सहानुभूति जताई, लेकिन धीरे-धीरे संगठन से दूरी बढ़ती गई और आज वे इलाज के लिए आर्थिक रूप से टूट चुके हैं।

भूपेश बघेल ने की बात, दिया इलाज का भरोसा

खबर सामने आने के बाद, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सूरजपुर कांग्रेस नेता पंकज तिवारी के फोन से विशंभर यादव और उनकी पत्नी से बातचीत की। उन्होंने पीड़ित को रायपुर लाकर उचित इलाज कराने का भरोसा दिया और हर संभव मदद का आश्वासन दिया।

भाजपा से नाराज विशंभर ने कही दिल की बात:

विशंभर यादव ने भावुक होकर कहा, “जिस पार्टी के लिए पूरी जिंदगी काम किया, आज वही मेरा हाल नहीं पूछ रही। दो साल से परिवार इलाज का खर्च उठा रहा है। अब हालत ये है कि जीने की उम्मीद नहीं बची, इसलिए इच्छा मृत्यु की मांग कर रहा हूँ।” उन्होंने संगठन पर यह भी आरोप लगाया कि पहले जहां कार्यकर्ताओं को सम्मान मिलता था, आज हाल-चाल पूछने वाला भी कोई नहीं बचा।

पत्नी की भी गुहार: ‘बस इलाज करवा दो’

विशंभर यादव की पत्नी ने कहा कि, “हमारा पूरा परिवार भाजपा को समर्पित रहा, लेकिन अब जब जरूरत है, तो कोई साथ नहीं दे रहा। इलाज के कारण 30-35 लाख रुपए खर्च हो चुके हैं, अब कुछ नहीं बचा। हम चाहती हैं कि पार्टी आगे आकर हमारे पति का इलाज करवा दे।” उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि सरकार बनने के बाद मदद मिलेगी, लेकिन अब तक कोई नेता हाल तक नहीं लेने आया।

Youthwings