NHM Employee Protest: NHM कर्मचारी आंदोलन, तीजा व्रत के दिन महिलाओं का अनोखा प्रदर्शन, हाथों में लिखी ‘नियमितीकरण’ की मांग
NHM Employee Protest
कोरिया। NHM Employee Protest: तीजा पर्व के मौके पर जहां महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र के लिए निर्जला व्रत रखती हैं, वहीं कोरिया जिले में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) की महिला कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर एक अलग ही अंदाज में विरोध दर्ज कराया। इन महिलाओं ने हाथों में मेहंदी लगाकर और हथेलियों पर ‘नियमितीकरण’ लिखवाकर जोरदार प्रदर्शन किया।
NHM महिला कर्मचारियों ने कहा कि उन्होंने व्रत तो रखा है, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण तीजा का पर्व सही तरीके से नहीं मना पा रही हैं। उनका कहना है कि वे बंधुआ मजदूरों की तरह काम करने को मजबूर हैं। कर्मचारियों ने सरकार से स्थायी नियुक्ति और अपनी दस सूत्रीय मांगों को पूरा करने की अपील की।
इस प्रदर्शन की एक और बड़ी झलक यह रही कि पांच पुरुष कर्मचारियों ने अपने खून से मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री और वित्त मंत्री के नाम एक मांग पत्र लिखा। कर्मचारियों ने पीएम मोदी की गारंटी में किए गए वादों की भी याद दिलाई और कहा कि अब उन वादों को पूरा करने का समय आ गया है।
यह आंदोलन पिछले नौ दिनों से लगातार जारी है। इस दौरान कर्मचारी गाना गाकर, नाचकर और अलग-अलग तरीकों से अपनी नाराजगी जता रहे हैं। उनका कहना है कि जब तक मांगे पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
