Chhattisgarh Morning News : मुख्यमंत्री साय जाएंगे दक्षिण कोरिया, ट्रेनें रद्द होने पर कांग्रेस ने साधा निशाना, युवाओं को मिलेगा सेना भर्ती का प्रशिक्षण… पढ़ें सुबह की बड़ी खबरें

Chhattisgarh Morning News

Chhattisgarh Morning News

Chhattisgarh Morning News:  छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के विदेश दौरे का आज पांचवां दिन है। सोमवार को वे जापान के ओसाका शहर में आयोजित वर्ल्ड एक्सपो 2025 में शामिल होंगे। इस दौरान वे ग्लोबल इन्वेस्टर्स से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए आमंत्रित करेंगे। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री दक्षिण कोरिया रवाना होंगे। वहां 27 अगस्त से वे निवेशकों के साथ राउंड टेबल मीटिंग्स करेंगे।

कांग्रेस का संगठन सृजन अभियान

छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी संगठन सृजन अभियान को लेकर आज एक अहम बैठक करने जा रही है। सह प्रभारी विजय जांगिड़ ने सोमवार को महासमुंद जिले का दौरा किया था। अब वे रायपुर स्थित कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में बैठक लेंगे। यह बैठक दोपहर 1 बजे से शुरू होगी, जिसमें जिला और ब्लॉक प्रभारी शामिल होंगे।

रायपुर में दो दिन मांस-मटन की बिक्री पर रोक

गणेश चतुर्थी और पर्युषण पर्व को देखते हुए रायपुर नगर निगम क्षेत्र में 26 और 27 अगस्त को मांस-मटन की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। नियम तोड़ने वालों पर निगम की टीम सख्त कार्रवाई करेगी।

26 ट्रेनें रद्द, कांग्रेस ने जताया विरोध

त्योहारों के सीजन में रेलवे ने छत्तीसगढ़ से होकर गुजरने वाली 26 ट्रेनों को रद्द कर दिया है। इस फैसले पर कांग्रेस ने नाराजगी जताई है। कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि तीज, गणेश चतुर्थी और नुवाखाई जैसे त्योहारों के समय ट्रेनों को रद्द करना आम जनता के साथ अन्याय है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले चार वर्षों से रेल सेवाएं लगातार बदहाल होती जा रही हैं। ट्रेनों को रद्द करने का कारण मेंटेनेंस बताया जाता है, लेकिन उन्हीं ट्रैकों पर मालगाड़ियां आसानी से चलती हैं। कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा सरकार यात्री सुविधाओं की अनदेखी कर सिर्फ माल ढुलाई पर ध्यान दे रही है।

युवाओं को मिलेगा निःशुल्क प्रशिक्षण

भारतीय थल सेना में अग्निवीर भर्ती 2025-26 के अंतर्गत चयनित युवाओं के लिए बैकुण्ठपुर जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र की ओर से विशेष प्रशिक्षण शुरू किया जा रहा है। कंप्यूटर आधारित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को 1.6 किलोमीटर दौड़, बीम पुल-अप, 9 फीट गड्ढा कूदने जैसी शारीरिक दक्षता का निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा।

इच्छुक उम्मीदवार 5 सितंबर तक आवश्यक दस्तावेजों के साथ जिला रोजगार केंद्र में पंजीयन करा सकते हैं।

रायपुर में बढ़े ड्रंक एंड ड्राइव के मामले

रायपुर पुलिस ने पिछले एक हफ्ते में 90 वाहन चालकों को नशे की हालत में वाहन चलाते हुए पकड़ा है। सभी चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई और उनके ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जनवरी से जुलाई तक कुल 1350 से ज्यादा चालकों पर इस तरह की कार्रवाई की गई थी। अगस्त महीने में अब तक 171 मामलों में पुलिस कार्रवाई कर चुकी है।

Youthwings