TikTok को मिली ‘अनऑफिशियल एंट्री’? कांग्रेस बोली- ‘शहादत का सौदा’
करीब पांच साल बाद चीनी वीडियो स्ट्रीमिंग प्लेटफ़ॉर्म TikTok की वेबसाइट भारत में दोबारा एक्सेस होने लगी है। इसके साथ ही शॉपिंग प्लेटफ़ॉर्म AliExpress भी कुछ यूज़र्स के लिए खुल रहा है। हालांकि, TikTok का मोबाइल ऐप अब भी गूगल प्ले स्टोर और एप्पल ऐप स्टोर पर उपलब्ध नहीं है।
जून 2020 में सरकार ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए TikTok समेत 59 चीनी ऐप्स पर प्रतिबंध लगाया था। उस वक्त UC Browser, Shareit और UC News जैसे कई लोकप्रिय प्लेटफ़ॉर्म भी इस लिस्ट में शामिल थे। यह बैन सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम 2000 की धारा 69A के तहत लगाया गया था।
सरकार का दावा – बैन अब भी जारी
कई यूज़र्स ने दावा किया कि अब भारत में TikTok की वेबसाइट खुल रही है, लेकिन ऐप उपलब्ध नहीं है। इस बीच सरकारी सूत्रों ने मीडिया रिपोर्ट्स को खारिज करते हुए कहा कि TikTok और उससे जुड़ी वेबसाइट्स पर लगाया गया प्रतिबंध बरकरार है और स्थिति में कोई बदलाव नहीं किया गया है। फिलहाल सिर्फ वेबसाइट का होमपेज कुछ जगहों पर खुल रहा है।
भारत-चीन रिश्तों में नरमी और TikTok की चर्चा
टिकटॉक वेबसाइट की आंशिक वापसी ऐसे समय में हुई है जब भारत-चीन रिश्तों में नरमी देखी जा रही है। हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के विदेश मंत्री वांग यी की मुलाकात में सीमा पर शांति, बॉर्डर ट्रेड और निवेश बढ़ाने जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई थी।
2020 का बड़ा फैसला – 59 चीनी ऐप्स पर बैन
जून 2020 में गलवान घाटी झड़प के बाद भारत सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा का हवाला देते हुए 59 मोबाइल ऐप्स पर रोक लगा दी थी। अधिकारियों ने कहा था कि ये ऐप्स भारत की संप्रभुता, अखंडता और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा हैं। इस सूची में TikTok, Shareit, UC Browser, Kwai, UC News, Vigo Video, Baidu Map और Clash of Kings जैसे ऐप शामिल थे।
अमेरिका में भी TikTok पर संकट
भारत ही नहीं, अमेरिका में भी TikTok का भविष्य अधर में है। वहां ByteDance को अपने ऑपरेशंस बेचने या बैन झेलने का अल्टीमेटम दिया गया है। इसी बीच, व्हाइट हाउस ने आधिकारिक TikTok अकाउंट लॉन्च कर दिया और पहले ही पोस्ट में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का वीडियो साझा किया।
कांग्रेस ने साधा केंद्र पर निशाना
TikTok वेबसाइट खुलने की खबर पर कांग्रेस ने सरकार पर तीखा हमला बोला है। पार्टी ने कहा कि गलवान घाटी में 20 सैनिकों की शहादत के बाद बैन लगाया गया था, लेकिन अब प्रधानमंत्री मोदी की चीन के विदेश मंत्री से मुलाकात और संभावित चीन यात्रा की चर्चाओं के बीच TikTok को लेकर खबरें आना मोदी सरकार की “चीन नीति” पर सवाल खड़े करता है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि जैसे पाकिस्तान के साथ सीज़फ़ायर का सौदा किया गया, उसी तरह अब चीन के साथ भी शहादत का सौदा कर दिया गया है।
भारत में चीन की कंपनी ‘टिक टॉक’ की वेबसाइट चलने लगी है.
चीन से झड़प में हमारे 20 जांबाज सैनिक शहीद हुए. पहले तो नरेंद्र मोदी ने चीन को क्लीनचिट दी.
लेकिन..
जब कांग्रेस ने दबाव बनाया तो हेड लाइन मैनेज करने को ‘टिक टॉक’ बैन किया.
अब मोदी फिर चीन से लप्पो झप्पो कर रहे हैं, चीन…
— Congress (@INCIndia) August 22, 2025
