Morning News : मुख्यमंत्री साय के आज के कार्यक्रम, मंत्रिमंडल का विस्तार आज, सीएम का विदेश दौरा और मौसम का हाल

Raipur : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज व्यस्त कार्यक्रमों में शामिल होंगे। सुबह 10:30 बजे वे राजभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में मौजूद रहेंगे। इसके बाद दोपहर 12 बजे वे पुलिस ग्राउंड हेलीपैड से सूरजपुर के लिए रवाना होंगे।
सूरजपुर में वे भाजपा के नए कार्यालय अटल कुंज का लोकार्पण करेंगे और तिलसिवा सूरजपुर में छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होंगे। शाम 5 बजे मुख्यमंत्री राजधानी रायपुर लौटेंगे।

साय मंत्रिमंडल का विस्तार आज

राजभवन में आज सुबह 10:30 बजे शपथ ग्रहण समारोह होगा। इसमें राज्यपाल रमेन डेका नए मंत्रियों को शपथ दिलाएंगे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सहित बीजेपी के विधायक और वरिष्ठ नेता इस मौके पर मौजूद रहेंगे।
आज तीन विधायक मंत्री पद की शपथ लेंगे –

  • अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल
  • आरंग विधायक गुरु खुशवंत साहेब
  • दुर्ग शहर विधायक गजेन्द्र यादव

राजभवन में शपथ ग्रहण के बाद विशेष भोज का भी आयोजन किया गया है। इसके लिए 500 लोगों का भोजन तैयार हो रहा है। खासतौर पर छत्तीसगढ़ी व्यंजन जैसे खुरमी, देहाती बड़ा और चटनी मेन्यू में शामिल हैं।

सीएम ने दी बधाई, नए मंत्री जाएंगे दिल्ली

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने तीनों विधायकों को मंत्री पद की जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी है। शपथ ग्रहण के बाद तीनों नव नियुक्त मंत्री दिल्ली जाएंगे, जहां वे पार्टी हाईकमान से मुलाकात करेंगे।

विदेश दौरे पर जाएंगे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

मुख्यमंत्री 21 अगस्त से 31 अगस्त तक विदेश दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे पहले जापान और फिर दक्षिण कोरिया जाएंगे। यहां उद्योगपतियों और निवेशकों से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ में औद्योगिक निवेश लाने पर जोर देंगे। इस दौरे से प्रदेश में निवेश, रोजगार और तकनीकी विकास के नए अवसर खुलने की उम्मीद है।

छत्तीसगढ़ में मौसम का हाल

प्रदेश में मंगलवार को हुई बारिश से उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। दक्षिण छत्तीसगढ़ में कुछ जगह भारी वर्षा और मेघगर्जन के साथ वज्रपात भी हो सकता है।

बीते 24 घंटों में नारायणपुर में 14 सेमी, औंधी में 10 सेमी, बास्तानार, दरभा और भैरमगढ़ में 8 सेमी, जबकि जगदलपुर और दंतेवाड़ा समेत कई जगहों पर 5 से 7 सेमी तक वर्षा दर्ज की गई।

मौसम विभाग ने कई जिलों में अलर्ट जारी किया है।

  • ऑरेंज अलर्ट : कांकेर, बालोद, राजनांदगांव, रायपुर, बलौदा बाज़ार, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली।
  • यलो अलर्ट : बीजापुर, नारायणपुर, कोंडागांव, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद समेत अन्य जिले।

रायपुर का मौसम – आज शहर में बादल छाए रहेंगे और बौछारें पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

 

Youthwings