NDA Vice President Candidate: एनडीए का उपराष्ट्रपति उम्मीदवार आज तय, 21 अगस्त को होगा नामांकन
NDA Vice President Candidate
नई दिल्ली। NDA Vice President Candidate: उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे के बाद से ही यह चर्चा जोरों पर है कि एनडीए (NDA) की ओर से अगला उपराष्ट्रपति उम्मीदवार कौन होगा। बीजेपी के नेतृत्व वाले इस गठबंधन में कई बड़े नामों पर विचार किया जा रहा है। राज्यपालों से लेकर अनुभवी नेताओं तक की सूची में शामिल नामों ने सियासी हलचल बढ़ा दी है। अब वह दिन आ गया है जब इस पर अंतिम मुहर लगने जा रही है। आज यानी 17 अगस्त की शाम को भाजपा संसदीय बोर्ड की अहम बैठक होगी, जिसमें उपराष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवार चयन पर निर्णय लिया जाएगा।
उम्मीदवार की तलाश और चर्चाओं का दौर
सूत्रों के अनुसार, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के आवास पर हुई बैठक में गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने मिलकर इस मुद्दे पर मंथन किया। बताया जा रहा है कि कुछ नामों पर गंभीर चर्चा हुई है और एनडीए की बैठक में इन्हें अंतिम रूप दिया जा सकता है। चर्चाओं में पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू, आरएसएस विचारक और भाजपा के वरिष्ठ नेता शेषाद्रि चारी सहित कई वर्तमान और पूर्व राज्यपालों के नाम शामिल बताए जा रहे हैं।
20 अगस्त को डिनर, 21 को नामांकन
बीजेपी ने अपने सांसदों, एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और उपमुख्यमंत्रियों को दिल्ली बुलाया है। 20 अगस्त को एनडीए की डिनर पार्टी होने की संभावना है, जहां उम्मीदवार के नाम पर सर्वसम्मति से मुहर लग जाएगी और औपचारिक घोषणा भी की जाएगी। अगले दिन यानी 21 अगस्त को नामांकन दाखिल किया जाएगा। भाजपा ने लोकसभा और राज्यसभा सांसदों से कहा है कि वे 6 से 9 सितंबर के बीच दिल्ली में रहें, ताकि उपराष्ट्रपति चुनाव से जुड़ी कार्यशाला और मतदान प्रक्रिया में शामिल हो सकें।
भाजपा के संभावित दावेदार
सूत्रों के मुताबिक भाजपा की तरफ से कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत सबसे प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं। वे लंबे समय से पार्टी के साथ जुड़े रहे हैं और विचारधारा के प्रति उनकी निष्ठा को देखते हुए उन्हें एनडीए का उम्मीदवार बनाया जा सकता है। इसके अलावा सिक्किम के राज्यपाल ओम माथुर का नाम भी चर्चा में है। राजस्थान से ताल्लुक रखने वाले 73 वर्षीय माथुर पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के करीबी माने जाते हैं। वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रचारक रह चुके हैं और गुजरात चुनाव में प्रभारी की अहम भूमिका निभा चुके हैं।
इसके अलावा जदयू से राज्यसभा सांसद और राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह का नाम भी उम्मीदवारों की सूची में शामिल बताया जा रहा है। हरिवंश का जन्म 30 जून 1956 को यूपी के बलिया जिले के सिताबदियारा गांव में हुआ था। राजनीति में आने से पहले वे पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय थे।
अब देखना होगा कि भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक में किस नाम पर अंतिम मुहर लगती है और एनडीए किसे अपना उम्मीदवार बनाकर मैदान में उतारता है।
