Opposition On Independence Day 2025: लाल किले पर स्वतंत्रता दिवस समारोह में क्यों नहीं पहुंचे राहुल गांधी और खरगे, कांग्रेस का बयान
Opposition On Independence Day 2025
Opposition On Independence Day 2025: देश ने 79वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले से लगातार 12वीं बार तिरंगा फहराकर नया रिकॉर्ड अपने नाम किया। इस उपलब्धि के साथ ही वे लगातार सबसे ज्यादा बार तिरंगा लहराने वाले दूसरे प्रधानमंत्री बन गए हैं और इंदिरा गांधी को पीछे छोड़ दिया। लेकिन इस खास मौके पर कांग्रेस के दो बड़े नेता—लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे—लाल किले पर आयोजित मुख्य समारोह में नजर नहीं आए। उनके अनुपस्थित रहने से राजनीतिक हलचल तेज हो गई।
कांग्रेस ने दी सफाई
कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. अजय उपाध्याय ने सफाई देते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय अवसर पर संवैधानिक पदों की गरिमा का ध्यान रखा जाना जरूरी है। उन्होंने बताया कि परंपरा रही है कि लोकसभा और राज्यसभा में विपक्ष के नेताओं को कैबिनेट मंत्री के दर्जे के साथ अगली पंक्ति में बैठाया जाता रहा है। लेकिन पिछले साल जब राहुल गांधी नेता प्रतिपक्ष बने थे, उन्हें अंतिम पंक्ति में जगह दी गई थी।
उपाध्याय ने कहा कि यह किसी व्यक्ति का मामला नहीं, बल्कि संवैधानिक पद की गरिमा का प्रश्न है। उन्होंने कहा कि “राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे, दोनों ही संवैधानिक पद पर हैं। अगर उन्हें पीछे बिठाया जाता है, तो यह संविधान की मर्यादा का हनन है। इसी कारण उन्होंने समारोह में न जाकर अलग से राष्ट्रीय ध्वज फहराया और राष्ट्रीय पर्व मनाया।”
बीजेपी का पलटवार
विपक्ष के नेताओं की गैरमौजूदगी पर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। बीजेपी प्रवक्ता आरपी सिंह ने कांग्रेस के इस तर्क पर सवाल उठाया कि पिछली बार उन्हें अंतिम पंक्ति में बैठाया गया था। उन्होंने कहा कि “आज सीट कहां लगी थी, यह देखा जाए।”
वहीं, बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष का पद संवैधानिक होता है और ऐसे राष्ट्रीय अवसर पर उनकी मौजूदगी संवैधानिक कर्तव्य है।
मालवीय और पूनावाला का हमला
बीजेपी आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने राहुल गांधी और खरगे के अनुपस्थित रहने पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि “इस तरह की अनुपस्थिति राष्ट्रीय अवसरों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता पर सवाल खड़ा करती है और यह एक गलत संदेश देती है।”
शहजाद पूनावाला ने भी आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं ने समारोह का बहिष्कार करके न सिर्फ कार्यक्रम का, बल्कि देश, संविधान, सेना और शहीदों का भी अपमान किया है। बीजेपी ने ‘एक्स’ (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा—“एक पार्टी का विरोध करते-करते जब कांग्रेस राष्ट्र का अपमान करने लगती है, तो वह हर बार एक नया निचला स्तर छू लेती है।”
