स्वतंत्रता दिवस से पहले रायपुर में ‘स्वतंत्रता दौड़’, मुख्यमंत्री साय ने छात्रों के साथ लिया भाग

रायपुर : स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राजधानी रायपुर में देशभक्ति और उत्साह का अद्भुत नजारा देखने को मिला. खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित ‘स्वतंत्रता दौड़’ में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सैकड़ों स्कूली छात्र-छात्राओं के साथ भाग लिया. यह दौड़ तेलीबांधा तालाब से भारत माता चौक तक आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागी हाथों में तिरंगा लेकर दौड़ते नजर आए.

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ खेल एवं राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा, विधायक पुरंदर मिश्रा, विधायक मोतीलाल साहू, विधायक गुरु खुशवंत साहेब, विधायक अनुज शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल और खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार भी शामिल हुए.

मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर कहा कि हमारा तिरंगा हमारे पूर्वजों के वर्षों के संघर्ष और बलिदान का जीवंत प्रतीक है. हम सभी की जिम्मेदारी है कि तिरंगे की शान को हमेशा बनाए रखें, अमर बलिदानियों को कभी न भूलें और मिलकर विकसित, समृद्ध और सशक्त छत्तीसगढ़ का निर्माण करें.

उन्होंने ‘विभाजन विभीषिका दिवस’ के महत्व पर भी प्रकाश डाला. मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाली पीढ़ी को यह जानना जरूरी है कि भारत-पाकिस्तान विभाजन के समय कितनी पीड़ा झेलनी पड़ी और कितने लोगों की जान गई. इस दिन को मनाने का उद्देश्य है कि नई पीढ़ी उस ऐतिहासिक त्रासदी से अवगत हो सके.

Youthwings