बीजापुर में पुलिस-नक्सली मुठभेड़: DRG के 2 जवान घायल, रायपुर रेफर
बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के बोड़ला-पुसनार जंगल में पुलिस और नक्सलियों के बीच आज सुबह मुठभेड़ हो गई। दोनों ओर से रुक-रुककर गोलीबारी जारी है। इस दौरान डीआरजी के दो जवान गोली लगने से घायल हो गए। बीजापुर एसपी ने घटना की पुष्टि की है।
जानकारी के मुताबिक, मामला गंगालूर थाना क्षेत्र का है। सर्च अभियान पर निकले जवानों पर नक्सलियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। गोलीबारी में घायल हुए दोनों जवानों को पहले जिला अस्पताल बीजापुर में प्राथमिक उपचार दिया गया, फिर उन्हें चॉपर से रायपुर हायर सेंटर रेफर किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों जवानों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।
