Kumhari Toll Plaza होगा बंद, सांसद बृजमोहन अग्रवाल की कोशिशों को मिली सफलता
Kumhari toll plaza
Kumhari Toll Plaza को लेकर लंबे समय से जारी विवाद आखिरकार अपने अंजाम तक पहुंचने वाला है। रायपुर के सांसद बृजमोहन अग्रवाल के निरंतर प्रयासों के चलते केंद्र सरकार ने कुम्हारी टोल प्लाजा को जून 2026 से पूरी तरह बंद करने की मंजूरी दे दी है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने इस पर सहमति जताते हुए आशय पत्र भी प्रदान किया है।
भारतमाला परियोजना से जुड़ा है मामला
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने जानकारी दी कि भारतमाला परियोजना के तहत 92 किलोमीटर लंबे आरंग-रायपुर-दुर्ग बायपास का निर्माण तेज़ी से चल रहा है और जून 2026 तक यह पूरी तरह तैयार हो जाएगा। इसके बनते ही कुम्हारी टोल प्लाजा की उपयोगिता समाप्त हो जाएगी, जिससे इसे बंद कर दिया जाएगा। यह नया 6-लेन एक्सेस-कंट्रोल्ड हाइवे दुर्ग, रायपुर और आरंग को आपस में जोड़ेगा।
मल्टी-लेन फ्री फ्लो सिस्टम से जुड़ेगा कुम्हारी
देशभर में फास्टैग आधारित ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन सिस्टम के तहत बिना रुके टोल वसूली प्रणाली को लागू किया जा रहा है। देश के 8 टोल प्लाजा पहले से ही इस सुविधा से जुड़ चुके हैं। कुम्हारी टोल प्लाजा अब देश का 9वां ऐसा टोल बन जाएगा, जहां मल्टी-लेन फ्री फ्लो सिस्टम लागू होगा। इससे वाहनों को रुकना नहीं पड़ेगा और समय, ईंधन और पैसे की बचत होगी।
विवादों में रहा है कुम्हारी टोल
गौरतलब है कि कुम्हारी टोल प्लाजा पहले से ही कई विवादों में घिरा रहा है। इसकी मियाद 2015 में ही समाप्त हो गई थी, लेकिन सड़क मेंटेनेंस के नाम पर अभी भी टोल वसूली की जा रही है। इसको लेकर पूर्व मंत्री राजेश मूणत से लेकर सांसद सरोज पांडेय तक विरोध जता चुके हैं। वाहन मालिक भी कई बार टोल बंद करने की मांग उठा चुके हैं।
एनएचएआई के मानकों का उल्लंघन
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने बताया कि एनएचएआई के नियमों के अनुसार हर 60 किलोमीटर पर एक टोल नाका होना चाहिए, जबकि रायपुर-आरंग रोड पर महज़ 40 किलोमीटर के भीतर 3 टोल नाके हैं। ऐसे में यह नियमों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि सबसे ज्यादा राजस्व कुम्हारी टोल से ही आता है, इसी वजह से इसे बंद करने में दिक्कतें आ रही थीं। लेकिन अब केंद्र से मंजूरी मिल चुकी है और 2026 के बाद यह पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा।
