भारत के ऑपरेशन सिंदूर से दहला पाकिस्तान, सांसद ताहिर इकबाल संसद में फूट-फूटकर रोए
मंगलवार रात भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान और PoK में मौजूद 9 आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया और करीब 100 आतंकियों को ढेर कर दिया। लेकिन भारत की कार्रवाई यहीं नहीं रुकी। बुधवार रात पाकिस्तान ने जवाबी हमला करने की कोशिश की और भारत के 15 शहरों को टारगेट किया, जिनमें से 7 शहर पंजाब के थे। लेकिन भारतीय वायु रक्षा प्रणाली S-400 ने आसमान में ही पाकिस्तान की मिसाइलों को खत्म कर दिया।
गुरुवार सुबह भारत ने फिर से पलटवार करते हुए पाकिस्तान के 6 एयर डिफेंस सिस्टम को तबाह कर दिया। इसके बाद लाहौर, कराची, रावलपिंडी समेत 9 शहरों पर ड्रोन हमलों की बारिश कर दी, जिससे पाकिस्तान में अफरा-तफरी और खौफ का माहौल बन गया।
संसद में ताहिर इकबाल का रोना: डर में डूबा पाकिस्तान
भारत के इस तीखे जवाब के बाद पाकिस्तान में हड़कंप मचा है। दो दिन पहले तक जो नेता भारत को परमाणु हमले की धमकी दे रहे थे, अब वही भारत से बचाने की दुआ कर रहे हैं। इसका सबसे बड़ा उदाहरण सामने आया है पाकिस्तान की नेशनल असेंबली से, जहां PMLN सांसद ताहिर इकबाल संसद में ही फूट-फूटकर रोने लगे।
उन्होंने कहा, “अल्लाह भारत के हमलों से हमारी हिफाजत करे।” ताहिर इकबाल, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की पार्टी से ताल्लुक रखते हैं। उनका यह भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
पाकिस्तान ने किए थे कई शहरों पर हमले की कोशिश
भारत सरकार की ओर से जारी आधिकारिक बयान में बताया गया कि बुधवार रात पाकिस्तान ने भारत के 15 से ज्यादा सैन्य ठिकानों पर हमले की कोशिश की। इसमें जम्मू-कश्मीर के अवंतिपोरा, श्रीनगर, पंजाब के पठानकोट, लुधियाना, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, बठिंडा, राजस्थान के फलौदी और गुजरात के भुज जैसे शहर शामिल थे।
लेकिन भारत की सतर्कता और S-400 ‘सुदर्शन चक्र’ ने सभी हमलों को पूरी तरह विफल कर दिया।
पहली बार पाकिस्तान के खिलाफ S-400 का इस्तेमाल
यह पहली बार है जब भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ S-400 वायु रक्षा प्रणाली का इस्तेमाल किया और यह पूरी तरह सफल रहा। इसने पाकिस्तान के ड्रोन और मिसाइल अटैक को न सिर्फ रोका बल्कि दुश्मन के मंसूबों को चकनाचूर कर दिया।
भारत ने साफ कर दिया है कि अब आतंकवाद या उसकी सरपरस्ती करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। ऑपरेशन सिंदूर और S-400 की तैनाती ने पाकिस्तान को बड़ा संदेश दे दिया है — अब भारत सिर्फ सहने वाला नहीं, सीधे जवाब देने वाला राष्ट्र है।
