“शिक्षक भर्ती कब होगी?” बेरोजगारों ने निकाली कांवड़ यात्रा, शिव से लगाई गुहार!

रायपुर: छत्तीसगढ़ में शिक्षक भर्ती को लेकर B.Ed और D.Ed डिग्रीधारक युवाओं का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। 57,000 पदों पर शिक्षकों की भर्ती की मांग को लेकर बेरोजगार युवा पिछले कई दिनों से लगातार आंदोलन कर रहे हैं। सरकार की चुप्पी और वादाखिलाफी से नाराज युवाओं ने अब कांवड़ यात्रा निकालकर भगवान शिव से शिक्षक भर्ती शुरू करवाने की प्रार्थना की।

प्रदर्शनकारी युवाओं का आरोप है कि प्रदेश में शिक्षकों की भारी कमी होने के बावजूद सरकार ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले “मोदी की गारंटी” के तहत बड़े स्तर पर शिक्षक भर्ती का वादा किया गया था, लेकिन सरकार युक्तियुक्तकरण (Rationalization) की नीति के नाम पर नियुक्तियों को टाल रही है।

“ये सिर्फ नौकरी की मांग नहीं, शिक्षा को बचाने की लड़ाई है”

आंदोलन कर रहे युवाओं का कहना है कि वे वर्षों से शिक्षित बेरोजगारी का शिकार हैं। कई बार परीक्षा पास करने और पात्रता प्राप्त करने के बावजूद सरकार ने भर्तियों की प्रक्रिया शुरू नहीं की। उनका कहना है कि राज्य के स्कूलों में शिक्षकों की भारी कमी है, जिससे शिक्षा व्यवस्था चरमरा रही है

सरकार को 2 साल का अल्टीमेटम

प्रदर्शनकारियों ने सरकार को चेतावनी दी है कि यदि 2 साल पूरे होने के बाद भी शिक्षक भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं की गई, तो आंदोलन और भी उग्र होगा। उनका कहना है कि यह सिर्फ रोजगार की नहीं, भविष्य की पीढ़ियों को शिक्षा देने की लड़ाई है।

राज्यव्यापी आंदोलन की तैयारी शुरू कर चुके इन युवाओं का कहना है कि अब अगर सरकार कोई ठोस निर्णय नहीं लेती, तो वे सड़कों पर उतरकर पूरे प्रदेश में प्रदर्शन करेंगे।

Youthwings