Bihar Teacher Domicile Policy: बिहार में शिक्षक भर्ती को लेकर सीएम नीतीश का बड़ा ऐलान, स्थानीय उम्मीदवारों को मिलेगी प्राथमिकता
Bihar Teacher Domicile Policy
पटना। Bihar Teacher Domicile Policy : बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान जल्द होने की संभावना है और इससे पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लगातार बड़े फैसले ले रहे हैं। फ्री बिजली, महिला आरक्षण, युवा आयोग के गठन और कर्मचारियों की मानदेय राशि में बढ़ोतरी जैसे निर्णयों के बाद अब सीएम ने शिक्षक भर्ती से जुड़ा अहम ऐलान किया है। उन्होंने कहा है कि बिहार में शिक्षक भर्ती में स्थानीय निवासियों को प्राथमिकता दी जाएगी।
नियम में होगा संशोधन
सीएम नीतीश कुमार ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा:
“नवंबर 2005 में सरकार बनने के बाद से ही हम लोग शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। बड़ी संख्या में शिक्षकों की नियुक्ति की गई है। अब शिक्षा विभाग को निर्देश दिया गया है कि भर्ती नियमों में संशोधन कर बिहार के निवासियों (डोमिसाइल) को प्राथमिकता दी जाए।”
TRE-4 से लागू होगा नियम
उन्होंने आगे बताया कि यह निर्णय TRE-4 से लागू होगा। वर्ष 2025 में TRE-4 और वर्ष 2026 में TRE-5 का आयोजन किया जाएगा। साथ ही, उन्होंने निर्देश दिया है कि TRE-5 के आयोजन से पहले STET का आयोजन भी किया जाए।
चुनाव से पहले बड़ा दांव
विश्लेषकों का मानना है कि विधानसभा चुनाव से पहले नीतीश कुमार का यह कदम बिहार के स्थानीय युवाओं को साधने की कोशिश है। लंबे समय से प्रदेश के अभ्यर्थी यह मांग कर रहे थे कि शिक्षक भर्ती में उन्हें प्राथमिकता दी जाए।
सीएम नीतीश का यह ऐलान शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा बदलाव लाने वाला फैसला माना जा रहा है और चुनावी माहौल में इसका राजनीतिक असर भी देखने को मिल सकता है।
