Jashpur News: बारिश में चप्पल पहनकर आए बच्चों को स्कूल से लौटाया, अभिभावकों का फूटा गुस्सा, लगाए गंभीर आरोप

जशपुर। Jashpur News: लगातार हो रही बारिश ने स्कूली बच्चों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। भीगने के कारण कई बच्चों के जूते गीले हो गए, जिसके चलते वे मजबूरी में चप्पल पहनकर स्कूल पहुंचे। लेकिन कुनकुरी विकासखंड स्थित लोयोला हिंदी माध्यम स्कूल में प्राचार्य ने उन्हें अंदर जाने से रोक दिया। इस घटना के बाद अभिभावकों में भारी नाराज़गी देखी जा रही है।

बच्चों को गेट से लौटाया

जानकारी के मुताबिक, स्कूल के प्रिंसिपल फादर सुशील ने कई बच्चों को गेट से ही वापस भेज दिया। इस कारण बच्चों को न केवल पढ़ाई का नुकसान हुआ बल्कि उन्हें मानसिक तनाव का भी सामना करना पड़ा। अभिभावकों ने इसे “अमानवीय और असंवेदनशील व्यवहार” करार दिया।

अभिभावकों का आरोप

अभिभावकों का कहना है कि लगातार बारिश से बच्चों के जूते सूख नहीं पा रहे थे। ऐसे में मजबूरी में बच्चों को चप्पल पहनाकर भेजा गया। लेकिन प्राचार्य ने यूनिफॉर्म और उचित पहनावे का हवाला देकर बच्चों को प्रवेश नहीं दिया। अभिभावकों का आरोप है कि स्कूल प्रबंधन को बच्चों की परिस्थिति समझनी चाहिए थी, न कि उन्हें अपमानित करना चाहिए था।

प्राचार्य की सफाई

वहीं, जब प्राचार्य से इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि, “हम विद्यालय में अनुशासन बनाए रखने के लिए यह नियम लागू करते हैं। यूनिफॉर्म और उचित पहनावा विद्यालय के अनुशासन का हिस्सा है।”

शिक्षा अधिकारी ने दिए जांच के आदेश

घटना के बाद अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन से लिखित माफ़ी की मांग की है और चेतावनी दी है कि भविष्य में बच्चों के साथ ऐसा व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस पूरे मामले पर कुनकुरी विकासखंड शिक्षा अधिकारी सी. आर. भगत ने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी मिल चुकी है और जल्द ही जांच की जाएगी।

Youthwings