आज की ताजा खबर: सीएम खाद्य आयोग के पदभार ग्रहण समारोह में होंगे शामिल, विजय जांगिड़ का छग दौरा, NSUI का विरोध प्रदर्शन

Chhattisgarh Morning News

Chhattisgarh Morning News

रायपुर: छत्तीसगढ़ राज्य खाद्य आयोग के नव नियुक्त अध्यक्ष संदीप शर्मा आज अपना पदभार ग्रहण करेंगे। यह कार्यक्रम दोपहर 3 बजे पंडित दीनदयाल ऑडिटोरियम में होगा। इस मौके पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के तौर पर और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह अध्यक्षता के रूप में मौजूद रहेंगे।

खाद्य आयोग के पदभार ग्रहण समारोह में शरीक होंगे:

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज दोपहर 12:40 बजे बगिया से रवाना होकर लगभग 2 बजे रायपुर के हेलीपैड पर उतरेंगे। इसके बाद शाम 4 बजे वे पंडित दीनदयाल ऑडिटोरियम में आयोजित खाद्य आयोग के पदभार ग्रहण समारोह में शरीक होंगे। इस समारोह में मुख्यमंत्री मुख्य अतिथि की भूमिका में रहेंगे, जबकि विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह इसकी अध्यक्षता करेंगे। कार्यक्रम की शुरुआत दोपहर 3 बजे होगी, जिसमें कई कैबिनेट मंत्री, सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहेंगे।

विजय जांगिड़ का तीन दिवसीय दौरा कार्यक्रम

कांग्रेस के सह प्रभारी विजय जांगिड़ आज रात 9 बजे रायपुर पहुंचेंगे। अगले दिन वे राजधानी में विभिन्न स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लेंगे। 27 जुलाई को वे जगदलपुर जाएंगे, जहाँ वे प्रदेश कांग्रेस महामंत्री मलकीत गेंदू के निवास पर पहुंचकर उनकी माता के निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद 28 जुलाई को वे रायपुर में सभी जिला अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे और 29 जुलाई को दिल्ली वापसी करेंगे।

कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन – दिल्ली में OBC नेताओं की बैठक

कांग्रेस पार्टी द्वारा आज दिल्ली में एक अहम बैठक बुलाई गई है, जिसमें ओबीसी वर्ग के नेता विशेष रूप से भाग लेंगे। छत्तीसगढ़ से भी कई वरिष्ठ नेता इस बैठक में शामिल होंगे। राहुल गांधी इस चर्चा का नेतृत्व करेंगे और ओबीसी समाज से जुड़े मुद्दों पर प्रत्यक्ष संवाद करेंगे। यह बैठक राहुल गांधी द्वारा हाल ही में छत्तीसगढ़ के आदिवासी नेताओं से की गई बातचीत के बाद हो रही है।

NSUI का विरोध मार्च – शिक्षा और भर्ती घोटालों के खिलाफ आवाज

राज्य की राजधानी रायपुर में आज NSUI कार्यकर्ता दो सूत्रीय मांगों के साथ पैदल मार्च करेंगे। सुबह 11 बजे जयस्तंभ चौक से यह मार्च शुरू होगा, जो राजभवन तक जाएगा। विरोध का मुख्य मुद्दा PWD भर्ती परीक्षा में हुई कथित धांधली की CBI जांच और रावतपुरा यूनिवर्सिटी के चिकित्सा कोर्सों (BMLT, DMLT, डायलिसिस, ऑप्टोमेट्री) में छात्रों का रजिस्ट्रेशन शुरू कराने की माँग है। साथ ही अंबेडकर चौक पर पुतला दहन का आयोजन भी किया जाएगा।

छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की चेतावनी – रेड अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में अत्यधिक बारिश की चेतावनी दी है। बलरामपुर, जशपुर, कांकेर, नारायणपुर, कोंडागांव और बीजापुर जिलों में रेड अलर्ट घोषित किया गया है। 26 जुलाई को राजनांदगांव और मोहला-मानपुर में भी भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए रेड अलर्ट रहेगा। इसके अतिरिक्त, कई अन्य जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट भी जारी किए गए हैं। अगले दो दिन पूरे प्रदेश में भारी बारिश का असर दिख सकता है।

Youthwings