प्रश्नकाल में उठा PDS दुकानों और गोदामों, फार्च्यून फाउंडेशन का मुद्दा, कांग्रेस विधायक ने लगाए गंभीर आरोप
रायपुर: विधानसभा के मानसून सत्र के पांचवें दिन की कार्यवाही प्रश्नकाल के साथ शुरू हुई। विधायक विनायक गोयल ने चित्रकोट विधानसभा क्षेत्र में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) की दुकानों और गोदामों की स्थिति को लेकर सवाल उठाया।
इसके जवाब में मंत्री दयालदास बघेल ने जानकारी दी कि क्षेत्र में कुल 159 ग्राम पंचायतों में PDS दुकानें संचालित हैं। इनमें से 134 दुकानों में स्वयं के भवन और सह-गोदाम हैं, जबकि 20 दुकानों के पास गोदाम नहीं हैं। 5 दुकानों के गोदाम अभी निर्माणाधीन हैं।
विनायक गोयल ने स्टॉक में कमी पाए जाने की स्थिति में पूर्ति के प्रावधानों को लेकर भी सवाल किया। मंत्री बघेल ने बताया कि इस स्थिति में संबंधित दुकान संचालक पर कार्रवाई के प्रावधान हैं और कोर्ट में प्रकरण दर्ज कर वसूली की जा सकती है।
फार्च्यून फाउंडेशन को लेकर कांग्रेस विधायक का सवाल
कांग्रेस विधायक चातुरीनंद ने महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा फार्च्यून फाउंडेशन को दी गई अनुदान राशि को लेकर सवाल उठाया। मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने अलग-अलग बार दी गई राशि की जानकारी दी।
हालांकि, चातुरीनंद ने कहा कि उनके पास प्राप्त जवाब और मंत्री के आंकड़ों में अंतर है। उन्होंने फाउंडेशन पर सिर्फ “कागजों में संचालित” होने का आरोप भी लगाया। इस पर मंत्री ने आश्वासन दिया कि यदि ऐसा कुछ पाया गया तो जांच कराई जाएगी।
धान खरीदी और भंडारण को लेकर उठा सवाल
विधायक संगीता सिन्हा ने बालोद जिले में धान के उठाव में आ रहे अंतर को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि विभागीय आंकड़ों और वेबसाइट पर अपलोड डेटा में भिन्नता है, और उचित भंडारण न होने के कारण धान खराब हो रहा है।
जवाब में मंत्री दयालदास बघेल ने कहा कि खरीदी संबंधी जानकारी लगातार अपडेट होती रहती है और धान को ढंककर सुरक्षित रखा जा रहा है। आवश्यकता पड़ने पर मिलान किया जाएगा।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने उठाया नीलामी और धान वितरण का मुद्दा
पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने पूछा कि नीलामी और FCI व नान को कितना धान दिया गया है। इस पर मंत्री बघेल ने जानकारी दी कि अब तक 1.69 लाख मीट्रिक टन धान मिलरों को दिया गया है, जबकि 2.72 हजार मीट्रिक टन धान उठ चुका है।
बिलासपुर में धान की कमी को लेकर भी उठा सवाल
विधायक अटल श्रीवास्तव ने बिलासपुर जिले में धान उठाव में शॉर्टेज को लेकर सवाल किया। मंत्री ने जवाब में बताया कि जिले में 140 धान खरीदी केंद्र हैं, जिनमें से मल्हार और रिस्दा केंद्रों में धान की कमी पाई गई है। इस मामले में FIR दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।
दिव्यांगों के आवेदन पर बीजेपी विधायक ने उठाए सवाल
भाजपा विधायक भैयालाल रजवाड़े ने कोरिया जिले के बैकुंठपुर में दिव्यांगों से जुड़े आवेदनों को लेकर सवाल उठाया और अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए।
उन्होंने कहा कि 2018 से 2025 तक 21 आवेदन आए, जिनका निराकरण हो चुका बताया गया है, लेकिन यह जानकारी गलत है। इस पर सदन में एक हल्का-फुल्का पल भी देखने को मिला जब अध्यक्ष ने कहा “आप प्रश्न पूछिए”, तो भैयालाल बोले “प्रश्न क्या पूछूं?” अध्यक्ष ने मुस्कराते हुए कहा “आशीर्वाद ही दे दीजिए”, जिस पर विधायक बोले “आशीर्वाद देता हूं।”
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने जानकारी दी कि बैकुंठपुर नगर पालिका क्षेत्र में 21 आवेदन प्राप्त हुए थे और उनका निराकरण कर दिया गया है।
