उन्नाव में रूह कंपा देने वाला मर्डर: सिलबट्टे से दूसरे पति को उतारा मौत के घाट, बक्से में भरकर शव हाइवे पर फेंका

उन्नाव। उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक महिला ने अपने साथी के साथ मिलकर दूसरे पति की बेरहमी से हत्या कर दी और शव को संदूक में बंद कर हाईवे किनारे फेंक दिया। उन्नाव पुलिस ने सीसीटीवी और लोडर की मदद से महज 12 घंटे के भीतर हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए आरोपी महिला और उसके सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया है।

हाईवे पर बक्से में मिला था शव, लोडर से खुला राज

सदर कोतवाली क्षेत्र के लाल खेड़ा चौकी के पास देर रात पुलिस को हाईवे किनारे एक लावारिस बॉक्स पड़ा होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जब बक्सा खोला, तो उसमें 27-28 वर्षीय युवक का शव और कुछ घरेलू सामान मिला। पुलिस ने मामले की जांच के लिए पांच टीमें गठित कीं। इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पता चला कि एक लोडर के जरिए इस बक्से को वहां लाकर फेंका गया था। लोडर चालक और मालिक से पूछताछ में सामने आया कि एक महिला ने 1200 रुपये में लोडर बुक कराया था। इसी सुराग के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंच गई।

शराब, घरेलू विवाद और 5000 रुपये में मर्डर का सौदा

पुलिस के अनुसार, मृत युवक की पहचान सोनू के रूप में हुई है। आरोपी महिला नेहा पहले पति को छोड़कर पिछले 8 साल से सोनू के साथ बतौर पत्नी रह रही थी, जिससे उसका एक 5 वर्षीय बेटा भी है। पूछताछ में पता चला कि सोनू अत्यधिक शराब पीता था और आए दिन मारपीट व विवाद करता था। रोज-रोज के झगड़ों से परेशान होकर नेहा ने अपने साथी राहुल और अन्य के साथ मिलकर 5000 रुपये देकर सोनू की हत्या की योजना बनाई।

सिलबट्टे से वार कर की हत्या, बक्से में भरकर फेंकी लाश

योजना के तहत नेहा ने अपने साथी राहुल के साथ मिलकर सिलबट्टे से सोनू पर ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद शव को घर में रखे एक बड़े बक्से में बंद किया और लोडर किराए पर लेकर सुनसान हाईवे किनारे फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी महिला नेहा, उसके साथी राहुल और लोडर में मदद करने वाले अन्य सहयोगियों को हिरासत में ले लिया है। मीडिया के सामने महिला ने अपना जुर्म कबूलते हुए पछतावा भी जताया है। पुलिस सभी के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर रही है।

Youthwings