शिवा शर्मा मर्डर केस में बड़ा एक्शन: 50 हजार की इनामी मॉडल श्रद्धा दुबे नागपुर से गिरफ्तार

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के चर्चित कारोबारी शिवा शर्मा हत्याकांड की मुख्य आरोपी मॉडल और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर श्रद्धा दुबे को गिरफ्तार कर लिया गया है। यूपी एसटीएफ और नागपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने उसे महाराष्ट्र के नागपुर से पकड़ा। नागपुर क्राइम ब्रांच के डीसीपी दीपक अग्रवाल ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है। श्रद्धा पर पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। एसटीएफ के मुताबिक, श्रद्धा पेशेवर भगोड़े की तरह लगातार अपने ठिकाने बदल रही थी और पुलिस को चकमा दे रही थी।

क्या है पूरा मामला?

बीते 9 अक्टूबर को लखनऊ के हजरतगंज स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से संदिग्ध हालात में गिरकर करोड़पति कारोबारी शिवा शर्मा की मौत हो गई थी। इसी मंजिल पर श्रद्धा दुबे रहती थी। घटना के बाद शिवा की मां ने श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर तनवीर के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज कराई थी। मां का आरोप है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या है और श्रद्धा, शिवा की लिव-इन पार्टनर थी।

वीडियो जारी कर किया था बेगुनाही का दावा

फरार रहने के दौरान श्रद्धा के नेपाल भागने की भी चर्चा थी। हाल ही में उसने वीडियो जारी कर खुद को बेगुनाह बताते हुए दावा किया था कि शिवा की हत्या नहीं हुई, बल्कि उसने खुद चौथी मंजिल से छलांग लगाई थी। उसने अपार्टमेंट के सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक करने और निष्पक्ष जांच की मांग भी उठाई थी। फिलहाल पुलिस आरोपी श्रद्धा दुबे को हिरासत में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

Youthwings