अनूपपुर में 24 EVM गायब होने से हड़कंप: पूर्व विधायक सुनील सराफ ने उठाई SIT जांच की मांग, बोले- सिर्फ FIR से पल्ला न झाड़े प्रशासन
अनूपपुर: मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में 24 इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) के गायब होने का मामला सामने आने के बाद सियासी पारा पूरी तरह चढ़ गया है। इस गंभीर घटनाक्रम को लेकर कांग्रेस के पूर्व विधायक सुनील सराफ ने प्रशासन पर सीधा निशाना साधते हुए पूरे प्रकरण की एसआईटी (SIT) जांच कराने की मांग की है।
‘सिर्फ FIR दर्ज कराकर जिम्मेदारी से भाग रहे कलेक्टर’
पूर्व विधायक सुनील सराफ ने जिला निर्वाचन अधिकारी (कलेक्टर) को एक पत्र लिखकर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कलेक्टर केवल एक एफआईआर दर्ज कराकर अपनी जिम्मेदारियों से पल्ला झाड़ रहे हैं। सराफ ने आशंका जाहिर करते हुए कहा, “मुझे तो यह शक है कि कहीं 2023 के विधानसभा और 2024 के लोकसभा चुनावों की मशीनों को भी खुर्द-बुर्द न कर दिया गया हो।”
सर्वदलीय बैठक और मशीनों के भौतिक सत्यापन की मांग
सुनील सराफ ने मांग की है कि प्रशासन तत्काल सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को बुलाकर उपलब्ध मशीनों का भौतिक सत्यापन कराए। उन्होंने सवाल दागा कि आखिर समय रहते इन अतिसंवेदनशील मशीनों को सुरक्षित स्थान पर क्यों नहीं रखवाया गया? उन्होंने स्ट्रांग रूम और वेयरहाउस के सीसीटीवी फुटेज, सुरक्षा व्यवस्था तथा स्टॉक रजिस्टर की बारीकी से जांच कराने की मांग की, ताकि लापरवाही बरतने और संलिप्त पाए जाने वाले अधिकारियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा सके।
