झारखंड में 7299 शिक्षकों की भर्ती: आवेदन शुरू; 18 अक्टूबर तक मौका
झारखंड में सरकारी शिक्षक बनने का इंतजार कर रहे उम्मीदवारों के लिए आवेदन का मौका शुरू हो गया है। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने झारखंड प्रशिक्षित सहायक शिक्षक संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस भर्ती अभियान के जरिए कुल 7,299 सहायक शिक्षक पदों को भरा जाएगा। इन पदों में नियमित के साथ बैकलॉग रिक्तियां भी शामिल हैं। भर्ती प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर के शिक्षकों के लिए है। उम्मीदवार निर्धारित योग्यता पूरी करने पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
7,299 पदों का ऐसे होगा बंटवारा
JSSC की भर्ती में अलग-अलग विषय और कक्षा स्तर के पद शामिल किए गए हैं। कक्षा 1 से 5 के लिए इंटरमीडिएट प्रशिक्षित सहायक शिक्षक के 2,756 पद हैं। वहीं कक्षा 6 से 8 के लिए ग्रेजुएट प्रशिक्षित सहायक शिक्षक के तहत भाषा ज्ञान के 1,887 पद, सामाजिक विज्ञान के 908 पद तथा विज्ञान एवं गणित के 1,748 पद रखे गए हैं। कुल रिक्तियों में 6,101 नियमित और 1,198 बैकलॉग पद शामिल हैं।
किन उम्मीदवारों को मिलेगा आवेदन का मौका?
प्राथमिक स्तर के पदों के लिए उम्मीदवार का 12वीं पास होना जरूरी है। इसके साथ निर्धारित अंकों के साथ दो वर्षीय डिप्लोमा या संबंधित चार वर्षीय बीएड/बीए-बीएड योग्यता होनी चाहिए। संबंधित स्तर की JTET परीक्षा की पात्रता भी जरूरी है।
कक्षा 6 से 8 के पदों के लिए संबंधित विषय में ग्रेजुएशन के साथ निर्धारित शिक्षक प्रशिक्षण योग्यता, जैसे D.El.Ed, B.Ed या चार वर्षीय संबंधित इंटीग्रेटेड कोर्स की शर्तें लागू हैं। इस स्तर के लिए भी संबंधित JTET पात्रता जरूरी होगी। भर्ती में झारखंड एजुकेशन प्रोजेक्ट काउंसिल के तहत कार्यरत पैरा टीचर्स के लिए भी पात्रता से जुड़ी विशेष शर्तें रखी गई हैं। उम्मीदवार के पास कम से कम दो साल की लगातार सेवा का अनुभव होना चाहिए।
उम्र और फीस कितनी है?
उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 1 अगस्त 2026 को 21 वर्ष होनी चाहिए। अधिकतम उम्र सीमा आयोग के निर्धारित नियमों के अनुसार होगी। पात्र पैरा टीचर्स को नियमानुसार ऊपरी आयु सीमा में छूट मिल सकती है। आवेदन शुल्क की बात करें तो सामान्य, EBC-1, EBC-2 और EWS वर्ग के उम्मीदवारों को 100 रुपये जमा करने होंगे। झारखंड के SC और ST उम्मीदवारों के लिए शुल्क 50 रुपये है। वहीं 40 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता वाले PwD उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क से छूट दी गई है।
परीक्षा के आधार पर होगा चयन
उम्मीदवारों का चयन एक चरण की मुख्य लिखित परीक्षा के जरिए किया जाएगा। परीक्षा OMR या CBT मोड में आयोजित की जा सकती है। लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया से गुजरना होगा, जिसके बाद अंतिम मेरिट लिस्ट तैयार की जाएगी। कक्षा 1 से 5 के लिए परीक्षा में मातृभाषा, चयनित क्षेत्रीय भाषा, सामान्य ज्ञान एवं करंट अफेयर्स के साथ संबंधित विषयों से जुड़े प्रश्न शामिल होंगे। कक्षा 6 से 8 के लिए मातृभाषा, चयनित क्षेत्रीय भाषा, सामान्य ज्ञान एवं करंट अफेयर्स और संबंधित वैकल्पिक विषय से जुड़े पेपर होंगे।
शिक्षक पद पर कितनी मिलेगी सैलरी?
इंटरमीडिएट प्रशिक्षित सहायक शिक्षक के पद पर चयनित उम्मीदवारों को पे लेवल-4 के तहत 25,500 से 81,100 रुपये तक वेतन मिलेगा। ग्रेजुएट प्रशिक्षित सहायक शिक्षक के लिए पे लेवल-5 निर्धारित है, जिसमें वेतनमान 29,200 से 92,300 रुपये तक होगा।
कब तक कर सकते हैं आवेदन?
JSSC की ओर से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 29 सितंबर 2026 से शुरू की गई है। इच्छुक उम्मीदवार 18 अक्टूबर 2026 की रात 11:59 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। उम्मीदवारों को अंतिम तारीख का इंतजार करने के बजाय समय रहते आवेदन पूरा करने की सलाह दी जाती है।
JSSC Teacher Recruitment 2026 के लिए ऐसे भरें फॉर्म
- सबसे पहले JSSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
- शिक्षक भर्ती 2026 के ऑनलाइन आवेदन लिंक पर क्लिक करें।
- रजिस्ट्रेशन पूरा करके लॉगिन करें।
- आवेदन फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारी भरें।
- निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान करें।
- फोटो और हस्ताक्षर सहित जरूरी दस्तावेज अपलोड करें।
- फॉर्म को सबमिट करने से पहले पूरी जानकारी जांच लें।
- आवेदन जमा होने के बाद कंफर्मेशन पेज डाउनलोड करके सुरक्षित रखें।
