Shoaib Dhebar Arrested: पूर्व मेयर एजाज ढेबर का भतीजा शोएब ढेबर गिरफ्तार, कांग्रेस नेता से मांगे थे 50 करोड़

Shoaib Dhebar Arrested: राजधानी रायपुर से एक बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आ रही है। पूर्व महापौर एजाज ढेबर के भतीजे शोएब ढेबर को पुलिस ने शनिवार देर रात गिरफ्तार कर लिया है। शोएब पर कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा को लॉरेंस बिश्नोई और अमन साव गैंग के नाम पर धमकी देकर 50 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने के मामले में संलिप्तता का आरोप है।

क्या है पूरा मामला?

बीते दिनों कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा को एक इंटरनेशनल कॉल आया था। कॉलर ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई और अमन साव गैंग का सदस्य बताकर 50 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी। इस मामले में पुलिस ने पहले जांजगीर-चंपा निवासी एक होटल सिक्योरिटी गार्ड को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि उसे धमकी भरे कॉल करने के निर्देश मिले थे और इसके एवज में उसे बड़ी रकम का झांसा दिया गया था।

मेनन समाज के कार्यक्रम से हुई गिरफ्तारी

जांच का दायरा बढ़ाते हुए जब पुलिस ने कड़ियां जोड़ीं, तो शोएब ढेबर का नाम सामने आया। शनिवार देर रात शोएब ढेबर मेनन समाज के एक कार्यक्रम में शामिल होने गया था, जहां पुलिस ने दबिश देकर उसे हिरासत में ले लिया। सेंट्रल जोन के एसीपी और थाना प्रभारी समेत आला अधिकारी उससे लगातार पूछताछ कर रहे हैं।

भाजपा नेता का भांजा और होटलकर्मी भी हिरासत में

इस हाई-प्रोफाइल मामले में पुलिस ने कार्रवाई का दायरा बढ़ाते हुए एक भाजपा नेता के भांजे को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। इसके अलावा, होटल के तीन अन्य कर्मचारियों को भी हिरासत में लेकर यह खंगाला जा रहा है कि इस 50 करोड़ की फिरौती की साजिश का मास्टरमाइंड कौन है और इसके पीछे किन राजनीतिक या आपराधिक चेहरों के हाथ हैं।

Youthwings