उज्जैन में अमानवीयता: गेबी हनुमान मंदिर के बाहर 5 बच्चों ने बुजुर्ग को घेरकर पीटा, लात-घूंसे मारे और पैसे छीने; VIDEO वायरल

उज्जैन। धार्मिक नगरी उज्जैन से इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शहर के ढाबा रोड स्थित प्रसिद्ध गेबी हनुमान मंदिर के बाहर मुख्य मार्ग पर सो रहे एक बेबस बुजुर्ग भिखारी को पांच नाबालिग बच्चों ने घेरकर बेरहमी से पीटा। बच्चों ने न केवल बुजुर्ग के साथ लात-घूंसों और लकड़ी से मारपीट की, बल्कि उनके पास रखे रुपए भी छीन लिए। घटना 16 सितंबर की दरम्यानी रात की बताई जा रही है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

10 मिनट तक चलता रहा जुल्म, चीखता रहा बुजुर्ग

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि करीब 9 से 11 वर्ष की उम्र के पांच बच्चे दुकान के बाहर फुटपाथ पर सो रहे बुजुर्ग को घेर लेते हैं। बच्चे पहले बुजुर्ग को परेशान करना शुरू करते हैं, फिर उन पर लात-घूंसे बरसाने लगते हैं। बच्चे बुजुर्ग के कपड़े खींचते हैं और पास पड़ी लकड़ी से उन पर वार करते हैं। बेबस बुजुर्ग दर्द से तड़पते हुए खुद को बचाने की गुहार लगाता रहा और चीखता रहा, लेकिन बच्चों पर इसका कोई असर नहीं हुआ। वे हंसते-खिलखिलाते हुए इस अमानवीय हरकत को अंजाम देते रहे।

पैसे छीने और फरार हो गए आरोपी

मारपीट के दौरान बच्चों ने बुजुर्ग के पास रखे पैसे भी छीन लिए। पूरी घटना लगभग 10 मिनट तक बेखौफ चलती रही। हैरानी की बात यह रही कि मंदिर के सामने मुख्य सड़क पर हो रहे इस घटनाक्रम के दौरान कोई भी राहगीर बुजुर्ग की मदद के लिए आगे नहीं आया।

तमाशबीन बने रहे लोग, सोशल मीडिया पर फूटा गुस्सा

घटना के वक्त आसपास मौजूद लोगों ने बुजुर्ग को बचाने के बजाय अपने मोबाइल से वीडियो बनाना मुनासिब समझा। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया गया, जिसके बाद इंटरनेट पर लोगों का गुस्सा भड़क उठा है। नागरिकों ने बच्चों में पनप रही इस तरह की हिंसक प्रवृत्ति और सड़क पर रहने वाले असहाय बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। हालांकि, इस मामले में अभी तक पुलिस में किसी औपचारिक शिकायत या एफआईआर दर्ज होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

Youthwings