Janjgir-Champa Lightning Strike: जांजगीर-चांपा में आसमानी बिजली का कहर, भीगने से बचने झोपड़ी में छिपे 7 लोग आए चपेट में, 3 की मौत और 4 झुलसे

Janjgir-Champa Lightning Strike: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से आकाशीय बिजली गिरने का एक बेहद खौफनाक मामला सामने आया है। जिले के बलौदा थाना क्षेत्र अंतर्गत महुदा गांव में शनिवार को बारिश से बचने के लिए एक झोपड़ी में शरण लेने गए सात लोग अचानक गाज की चपेट में आ गए। इस भीषण प्राकृतिक हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन महिलाओं समेत चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं।

बाड़ी में काम के दौरान आई तेज बारिश

प्राप्त जानकारी के अनुसार, महुदा गांव में सात ग्रामीण नदी किनारे स्थित एक बाड़ी में काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम का मिजाज बदला और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश और भीगने से बचने के लिए सभी सात लोग पास में ही बनी एक झोपड़ी के नीचे चले गए। लेकिन इसी बीच कड़कड़ाती हुई आकाशीय बिजली सीधे उसी झोपड़ी पर आ गिरी और वहां मौजूद सभी लोग इसकी चपेट में आ गए।

3 की मौके पर मौत, 2 गंभीर महिलाएं बिलासपुर रेफर

आसमानी बिजली की चपेट में आने से नरेश, तुलसी और रामभरोस की मौके पर ही तड़प-तड़पकर दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

गंभीर रूप से झुलसी दो महिलाओं की नाजुक स्थिति को देखते हुए बलौदा में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें तुरंत बिलासपुर रेफर कर दिया गया है। वहीं, दो अन्य घायलों का इलाज बलौदा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में जारी है।

मर्च्युरी में रखवाए गए शव, आज होगा पोस्टमार्टम

घटना की सूचना मिलते ही बलौदा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। तीनों मृतकों के शवों को अस्पताल की मर्च्युरी में सुरक्षित रखवा दिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, रविवार (20 सितंबर) की सुबह तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंपा जाएगा। इस हृदयविदारक हादसे के बाद से पूरे महुदा गांव में मातम छा गया है।

Youthwings