दीपिका पादुकोण ने दिया नन्हीं परी को जन्म; सोशल मीडिया पर फुटप्रिंट्स वाला क्यूट कार्ड शेयर कर फैंस को दी खुशखबरी

मुंबई। बॉलीवुड के सबसे पसंदीदा और पावर कपल्स में शुमार दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह के घर एक बार फिर खुशियों की सौगात आई है। शनिवार, 19 सितंबर को दीपिका पादुकोण ने अपनी दूसरी संतान यानी एक और बेटी को जन्म दिया है। इस बड़ी और सुखद खबर की जानकारी खुद अभिनेत्री ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर एक बेहद खूबसूरत पोस्ट साझा करके फैंस के साथ बांटी। दीपवीर के दोबारा माता-पिता बनने की खबर सामने आते ही पूरे बॉलीवुड और उनके चाहने वालों में खुशी की लहर दौड़ गई है।

नन्हीं परी के पैरों के निशान के साथ किया स्वागत

दीपिका पादुकोण ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक डिजिटल कार्ड पोस्ट किया, जिसमें उनकी नवजात बेटी के छोटे-छोटे पैरों के निशान (फुटप्रिंट्स) बने नजर आ रहे हैं। इस कार्ड पर लिखा है “वेलकम बेबी गर्ल…”। इसके साथ ही कपल ने ईविल आई और दिल वाले इमोजी के साथ अपनी नन्ही लाडली का दुनिया में स्वागत किया।

खास बात यह है कि इस दिन राधा अष्टमी का पावन पर्व भी था, जिसको लेकर फैंस और ज्यादा उत्साहित नजर आए। सोशल मीडिया यूजर्स का कहना है कि दीपवीर के घर साक्षात मां लक्ष्मी और राधा रानी का आगमन हुआ है।

बधाई देने वालों का लगा तांता

गुड न्यूज सामने आते ही कमेंट सेक्शन में बधाइयों का सैलाब आ गया। बॉलीवुड और म्यूजिक इंडस्ट्री के कई दिग्गजों ने कपल को शुभकामनाएं दीं। मशहूर गायिका श्रेया घोषाल, अभिनेत्री कृति खरबंदा, डांसर-इन्फ्लुएंसर धनश्री वर्मा और अभिनेत्री सारा अर्जुन समेत कई सितारों ने कमेंट कर नन्हीं परी और पूरी फैमिली पर प्यार बरसाया। फैंस ने भी दिल के इमोजी बनाकर दोनों बेटियों के लिए ढेर सारी दुआएं भेजीं।

बड़ी बहन बनी ‘दुआ’, अप्रैल में दी थी प्रेग्नेंसी की जानकारी

दीपिका पादुकोण दूसरी बार मां बनी हैं। इससे पहले अभिनेत्री ने 8 सितंबर 2024 को अपनी पहली बेटी को जन्म दिया था, जिसका नाम कपल ने बड़े प्यार से ‘दुआ’ रखा था। इसके बाद दिवाली 2025 के मौके पर रणवीर और दीपिका ने पहली बार दुनिया को अपनी बेटी दुआ का दीदार कराया था।

वहीं, अपनी दूसरी प्रेग्नेंसी का ऐलान दीपिका ने 19 अप्रैल को बड़े ही अनोखे अंदाज में किया था। उन्होंने बेटी दुआ की एक प्यारी तस्वीर पोस्ट की थी, जिसमें नन्हीं दुआ के नन्हे हाथों में प्रेग्नेंसी किट नजर आ रही थी।

‘रामलीला’ से शुरू हुआ सफर, इटली में रचाई थी शादी

दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह की प्रेम कहानी की शुरुआत साल 2013 में मशहूर निर्देशक संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘गोलियों की रासलीला राम-लीला’ के सेट से हुई थी। करीब 6 साल तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद इस खूबसूरत जोड़ी ने साल 2018 में इटली के खूबसूरत लेक कोमो में बेहद निजी और शाही अंदाज में शादी रचाई थी। दोनों ने कोंकणी और सिंधी दोनों परंपराओं से सात फेरे लिए थे। अब दो-दो बेटियों के आने से दीपवीर का परिवार पूरा और बेहद खूबसूरत हो गया है।

Youthwings