Korba Pond Drowning: स्कूल के बहाने निकलीं 3 मासूम सहेलियां, तालाब में डूबने से तीनों की दर्दनाक मौत

Korba Pond Drowning: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां के पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत नुनेरा गांव में तालाब में डूबने से तीन नाबालिग बच्चियों की मौत हो गई। इस दुखद हादसे के बाद से पूरे गांव और आसपास के इलाके में मातम और हड़कंप का माहौल छाया हुआ है।

स्कूल जाने के बहाने निकली थीं घर से

मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार को तीनों सहेलियां रोज की तरह घर से स्कूल जाने के लिए निकली थीं। उनके परिवार के सदस्य अपने-अपने काम पर गए हुए थे। हालांकि, बच्चियां स्कूल न जाकर दोपहर में गांव के ही एक तालाब में नहाने चली गईं। नहाने के दौरान गहराई का अंदाजा न होने के कारण तीनों पानी में समा गईं और डूबने से उनकी मौत हो गई।

तालाब किनारे मिले कपड़े और चप्पल

जब शाम होने के बाद भी तीनों बच्चियां घर वापस नहीं लौटीं, तो परिजनों को चिंता हुई। अनहोनी की आशंका के चलते परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन करते हुए जब एक ग्रामीण गांव के तालाब के पास पहुंचा, तो वहां पानी के किनारे बच्चियों के चप्पल और कपड़े रखे मिले। इतना ही नहीं, तालाब के पानी में एक नाबालिग का शव तैरता हुआ दिखाई दिया।

काफी मशक्कत के बाद निकाले गए तीनों शव

यह खौफनाक मंजर देखते ही ग्रामीण ने तुरंत शोर मचाया और मामले की सूचना पुलिस व अन्य ग्रामीणों को दी। सूचना मिलते ही पाली थाना पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से पहले तैर रहे एक शव को बाहर निकाला।

इसके बाद पुलिस और स्थानीय गोताखोरों ने तालाब में उतरकर बाकी दोनों बच्चियों की तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद राखी और साधना समेत तीनों बच्चियों के शवों को तालाब से बाहर निकाल लिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर तीनों शवों का पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। इस दुखद हादसे से पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Youthwings