स्विट्जरलैंड में रेव पार्टी के दौरान अंधाधुंध गोलीबारी: 1 की मौत, 5 घायल; अज्ञात हमलावर की तलाश में बड़े स्तर पर कॉम्बिंग ऑपरेशन
डेस्क। स्विट्जरलैंड के उत्तरी हिस्से में स्थित आरगाउ कैंटन से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। राजधानी आराउ में आयोजित एक आउटडोर रेव पार्टी के दौरान अज्ञात हमलावर ने अचानक अंधाधुंध गोलीबारी कर दी। इस अप्रत्याशित हमले में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए हैं। स्थानीय पुलिस और मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, घायलों में कुछ की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। गोलीबारी की यह वारदात आराउ शहर के शाकेन इलाके में स्थित रेसकोर्स के समीप हुई, जो ज्यूरिख से लगभग 46 किलोमीटर पश्चिम में पड़ता है।
रात भर चलने वाली पार्टी में अचानक मची चीख-पुकार
स्विस सार्वजनिक प्रसारक एसआरएफ (SRF) की रिपोर्ट के अनुसार, रविवार तड़के तक चलने वाली इस रेव पार्टी में बड़ी संख्या में युवा शामिल थे। संगीत के बीच अचानक गोलियों की आवाज सुनकर मौके पर भारी भगदड़ मच गई। घटना के तुरंत बाद हमलावर हथियार समेत मौके से फरार होने में कामयाब रहा। आरगाउ कैंटन पुलिस ने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर बयान जारी कर घटना की पुष्टि की और जनता से फिलहाल संबंधित इलाके से पूरी तरह दूर रहने की अपील की है।
स्विमिंग पूल, खेल मैदान और आसपास का क्षेत्र सील
हमले के तुरंत बाद पुलिस ने पूरे क्षेत्र को अपने नियंत्रण में ले लिया। सुरक्षा बलों ने घुड़दौड़ मैदान, शहर के सार्वजनिक स्विमिंग पूल और पास के खेल मैदानों को पूरी तरह से छावनी में तब्दील कर घेराबंदी कर दी है। शहर के एंट्री और एग्जिट पॉइंट्स पर कड़ा पहरा लगा दिया गया है। एहतियात के तौर पर आराउ की सीमाओं के बाहर भी भारी संख्या में अतिरिक्त पुलिस बल और विशेष कमांडो दस्तों को तैनात किया गया है।
हमले की वजह अज्ञात, हमलावर की तलाश जारी
आरगाउ कैंटन पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अभी तक हमले के संभावित मकसद और घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता नहीं चल सका है। क्या यह किसी आपसी रंजिश का परिणाम था या कोई योजनाबद्ध आतंकी हमला, इसकी विस्तृत जांच की जा रही है। फॉरेंसिक टीमें साक्ष्य जुटा रही हैं और संदिग्ध हमलावर की गिरफ्तारी के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
