WhatsApp पर आया तगड़ा सिक्योरिटी अपडेट, अब अकाउंट हैक करना होगा नामुमकिन
पासकी से लेकर मजबूत 2FA और अनजान कॉलर की जानकारी तक, WhatsApp ने यूजर्स की प्राइवेसी और ऑनलाइन सेफ्टी मजबूत करने के लिए किए अहम बदलाव।
दुनिया के सबसे लोकप्रिय मैसेजिंग प्लेटफॉर्म में शामिल WhatsApp ने यूजर्स की सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए तीन नए सिक्योरिटी फीचर्स पेश किए हैं। इन अपडेट्स का मकसद अकाउंट हैकिंग, फर्जी कॉल और ऑनलाइन स्कैम के खतरे को कम करना है। नए फीचर्स में अपडेटेड Passkeys, मजबूत Two-Factor Authentication (2FA) और Unknown Caller Details शामिल हैं।
एक से ज्यादा Passkey जोड़ सकेंगे यूजर्स
WhatsApp ने Passkey फीचर को पहले से ज्यादा उपयोगी बनाया है। अब यूजर्स अपने अकाउंट के साथ एक से ज्यादा Passkey जोड़ सकेंगे। इसका फायदा खासतौर पर उन लोगों को मिलेगा जो WhatsApp को एक से अधिक डिवाइस पर इस्तेमाल करते हैं।
Passkey के जरिए यूजर फिंगरप्रिंट, फेस अनलॉक या फोन के स्क्रीन लॉक की मदद से अकाउंट में लॉगइन कर सकता है। इससे पासवर्ड या OTP के चोरी होने की स्थिति में अकाउंट के गलत इस्तेमाल का खतरा कम हो सकता है।
2FA में बड़ा बदलाव, अब मजबूत पासवर्ड का विकल्प
WhatsApp ने Two-Factor Authentication (2FA) में भी बदलाव किया है। अभी तक यूजर्स को 6 अंकों का PIN सेट करने का विकल्प मिलता था। नए अपडेट के बाद यूजर्स नंबर के साथ लेटर्स और स्पेशल कैरेक्टर वाले मजबूत पासवर्ड का इस्तेमाल कर सकेंगे।
मजबूत पासवर्ड की वजह से हैकर्स के लिए अकाउंट तक पहुंच बनाना पहले की तुलना में ज्यादा मुश्किल हो सकता है।
अनजान नंबर से कॉल आए तो मिलेगी ज्यादा जानकारी
WhatsApp के नए अपडेट में Unknown Caller से जुड़ा फीचर भी खास है। अगर किसी यूजर को किसी अनजान नंबर से WhatsApp कॉल आती है, तो ऐप उस नंबर के साथ अतिरिक्त जानकारी भी दिखाएगा।
यूजर यह जान सकेगा कि कॉल करने वाला नंबर किस देश से है और क्या वह व्यक्ति किसी ऐसे ग्रुप में उसके साथ जुड़ा हुआ है। इससे अनजान कॉल को पहचानने और संभावित स्कैम से सावधान रहने में मदद मिल सकती है।

WhatsApp में Passkey कैसे करें Enable?
अगर आपके डिवाइस पर यह फीचर उपलब्ध हो चुका है, तो Android में इसे एक्टिवेट करने के लिए:
- WhatsApp की Settings खोलें।
- Account सेक्शन में जाएं।
- Passkeys पर टैप करें।
- इसके बाद Create Passkey विकल्प चुनकर इसे सेटअप करें।
- iPhone में भी Settings के Account > Passkeys सेक्शन से Passkey सेट किया जा सकता है।
धीरे-धीरे रोल आउट हो रहे फीचर्स
WhatsApp इन सिक्योरिटी फीचर्स को चरणबद्ध तरीके से यूजर्स तक पहुंचा रहा है। इसलिए संभव है कि किसी यूजर को तीनों फीचर्स एक साथ दिखाई न दें। अपडेट उपलब्ध होने के बाद WhatsApp के सेटिंग्स सेक्शन में इन विकल्पों को चेक किया जा सकता है।
इन बदलावों के बाद WhatsApp यूजर्स को अकाउंट की सुरक्षा के लिए पहले से ज्यादा विकल्प मिलेंगे। खासकर Passkey और मजबूत 2FA अकाउंट को अनधिकृत एक्सेस से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
