महाकाल के नंदीहाल में आधा घंटा तक ‘गुंडागर्दी’! बैरिकेड तोड़े, दानपेटी गिराने की कोशिश… इंदौर के कावड़ियों पर केस दर्ज
उज्जैन। उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान महाकालेश्वर मंदिर के गर्भगृह के सामने नंदीहाल में बुधवार दोपहर जमकर उपद्रव हुआ। इंदौर से डाक कावड़ लेकर पहुंचे हिंदूवादी संगठनों से जुड़े करीब 50 से अधिक कार्यकर्ताओं ने नियम तोड़कर जबरन अंदर घुसने की कोशिश की। इस दौरान सुरक्षाकर्मियों के साथ जमकर मारपीट की गई, जिसमें आधा दर्जन सुरक्षा गार्ड घायल हो गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विहिप-बजरंग दल के इंदौर जिला मंत्री सचिन मराठा समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई संगीन धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है।
नंदीहाल में 30 मिनट तक मचा तांडव
घटना दोपहर करीब ढाई बजे की है। सावन माह के तहत मंदिर प्रबंध समिति ने कावड़ यात्रियों के लिए नंदीहाल के बैरिकेड से सबसे आगे से दर्शन की विशेष व्यवस्था की थी।
जबरन एंट्री की कोशिश: काले रंग की शर्ट पहने 50 से 60 कावड़ यात्री नगाड़ा द्वार से अंदर घुसे और आम श्रद्धालुओं को परेशान करते हुए नियम विरुद्ध सीधे नंदीहाल के अंदर कूदने लगे।
बैरिकेड तोड़े और दानपेटी को अस्त-व्यस्त किया: जब वहां तैनात निजी सुरक्षा एजेंसी के गार्डों ने उन्हें रोका, तो भीड़ उग्र हो गई। उन्होंने बैरिकेड उखाड़कर गार्डों पर गिरा दिए और दानपेटी को भी अस्त-व्यस्त करने का प्रयास किया।
गार्ड का पैर फ्रैक्चर, साथी का सिर फूटा
इस हिंसक झड़प में निजी सुरक्षा एजेंसी के करीब आधा दर्जन गार्ड घायल हुए हैं। घायल गार्ड रोहित ने बताया कि बजरंग दल के 50-60 लोग डाक कावड़ लेकर आए थे। रोकने पर उन्होंने बैरिकेड हमारे ऊपर गिरा दिया, जिससे मेरा पैर फ्रैक्चर हो गया और मेरे साथी का सिर फूट गया। घायल कर्मचारियों में से दो का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है, जबकि चार को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।
पुलिस और प्रशासन का कड़ा एक्शन
महाकाल मंदिर प्रबंध समिति के सहायक प्रशासक ने कहा कि दर्शन के नाम पर नंदीहाल में उपद्रव मचाने और सुरक्षाकर्मियों से मारपीट करने वालों के खिलाफ मंदिर समिति बेहद सख्त रुख अपनाएगी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विश्व हिंदू परिषद/बजरंग दल इंदौर के जिला मंत्री सचिन मराठा सहित अन्य उपद्रवियों पर बीएनएस (BNS) की धारा 191(2), 115(2), 296(b), 351(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
