रामायण-गीता का दिया उदाहरण, फिर समझाया शब्दों का मोल… कंगना के विवादित बयान पर क्या बोल गए आशुतोष राणा?
गाडरवारा (नरसिंहपुर)। प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता और अपनी बेबाक और दार्शनिक शैली के लिए पहचाने जाने वाले आशुतोष राणा ने अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत के हालिया बयान पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने बिना किसी का नाम लिए बेहद नपे-तुले और गूढ़ अंदाज में शब्दों की मर्यादा और अभिव्यक्ति के तरीके पर अपनी बात रखी। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले के गाडरवारा में आयोजित ‘अभिनव नाटक कार्यशाला’ में शामिल होने पहुंचे आशुतोष राणा ने युवा कलाकारों के साथ अपने अनुभव साझा करते हुए यह अहम टिप्पणी की।
‘गीता और रामायण पर भी होती है टीका और टिप्पणी’
कंगना रनौत के बयान से जुड़े सवाल पर आशुतोष राणा ने सीधे नाम लिए बिना दार्शनिक अंदाज में कहा कि हमारे पास टीका भी है और टिप्पणी भी है। टीका बहुत अद्भुत चीज होती है, जैसे गीता जी और रामायण पर टीकाएं लिखी गई हैं। वहीं टिप्पणी भी बहुत अद्भुत चीज है, लोग रामायण, महाभारत और गीता जी पर भी टिप्पणी करते हैं।
उन्होंने आगे जोड़ते हुए कहा कि यह पूरी तरह हमारे विवेक पर निर्भर करता है कि हम टीका और टिप्पणी जैसे अद्भुत और कल्याणकारी भाव को समाज के सामने किस तरीके से प्रस्तुत करते हैं।
युवा कलाकारों को दिए अभिनय और जीवन के टिप्स
कार्यशाला के दौरान आशुतोष राणा ने स्थानीय और युवा कलाकारों को रंगमंच, संवाद अदायगी और अभिव्यक्ति की बारीकियों से रूबरू कराया। उन्होंने कहा कि किसी भी कलाकार के लिए शब्दों का चयन और उनके पीछे की भावना सबसे ज्यादा मायने रखती है।
