राजस्थान के ‘फर्जी डिग्री’ कांड का MP कनेक्शन! सीहोर की यूनिवर्सिटी का कुलपति गिरफ्तार, जानिए SOG का पूरा एक्शन
भोपाल। राजस्थान की भर्ती परीक्षाओं में हुए बड़े फर्जीवाड़े के तार अब सीधे मध्य प्रदेश से जुड़ते नजर आ रहे हैं। राजस्थान की पीटीआई परीक्षा में फर्जी और बैक डेट से की डिग्री बांटने के मामले में राजस्थान SOG ने एक बेहद सख्त और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। इस रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए SOG ने मध्य प्रदेश के सीहोर स्थित एक प्राइवेट यूनिवर्सिटी के बड़े चेहरों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।
SOG कार्रवाई की 3 प्रमुख बातें :
कुलपति समेत 3 गिरफ्तार: SOG की टीम ने इस महा-फर्जीवाड़े में सीहोर की संबंधित यूनिवर्सिटी के कुलपति को गिरफ्तार कर लिया है।
नेटवर्क के अन्य मोहरे: कुलपति के साथ-साथ इस गिरोह में शामिल यूनिवर्सिटी के परीक्षा नियंत्रक और एक कंप्यूटर ऑपरेटर को भी धर दबोचा गया है।
3 दिन की रिमांड: गिरफ्तारी के बाद कोर्ट ने इन तीनों आरोपियों को इस फर्जीवाड़े की आगे की परतें खोलने के लिए 3 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। माना जा रहा है कि रिमांड के दौरान कई अन्य सफेदपोशों के नाम भी सामने आ सकते हैं।
7 महीने पहले ही पड़ गई थी भनक
इस पूरे मामले की जड़ें काफी गहरी हैं। SOG को इस फर्जीवाड़े की भनक बहुत पहले लग गई थी। करीब 7 महीने पहले ही राजस्थान SOG की विशेष टीमों ने मध्य प्रदेश में ताबड़तोड़ छापेमारी की थी।
उस दौरान SOG ने सीहोर में यूनिवर्सिटी कैंपस, राजधानी भोपाल में एक सीए के ठिकानों और कपूर हाउस पर बड़ी सर्चिंग अभियान चलाया था। उसी सर्चिंग के दौरान SOG के हाथ कई अहम दस्तावेज और डिजिटल सबूत लगे थे, जिनकी कड़ी जांच के बाद अब यह बड़ी गिरफ्तारियां की गई हैं।
