राहुल गांधी के कार्यक्रम से पहले पुणे में बवाल: NSUI-ABVP कार्यकर्ताओं में झड़प; 60 से ज्यादा पर केस
पुणे की COEP टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी के हॉस्टल कैंपस में शुक्रवार रात NSUI और ABVP कार्यकर्ताओं के बीच विवाद के बाद झड़प हो गई। घटना कांग्रेस नेता राहुल गांधी के शनिवार को होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से ठीक पहले हुई। तनाव को देखते हुए हॉस्टल परिसर में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
रजिस्ट्रेशन को लेकर शुरू हुआ विवाद
ABVP ने आरोप लगाया कि कांग्रेस से जुड़े कार्यकर्ता छात्राओं पर राहुल गांधी के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रजिस्ट्रेशन कराने का दबाव बना रहे थे। संगठन का दावा है कि इसी मुद्दे को लेकर हॉस्टल परिसर में विवाद बढ़ा और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। वहीं, NSUI ने ABVP के आरोपों को खारिज करते हुए अलग दावा किया। NSUI के मुताबिक, कार्यक्रम के समर्थन में बात करने वाली दो छात्राओं को ABVP से जुड़े सदस्यों ने हॉस्टल में रोक लिया और उन्हें धमकाने की कोशिश की। इसी बात को लेकर दोनों छात्र संगठनों के बीच तनाव बढ़ा।
READ MORE : आशुतोष रांका विवाद पर भड़के अभिजीत दीपके, ‘…तो मैं खुद जयपुर आकर बैठूंगा’
ABVP छात्र से मारपीट का आरोप, केस दर्ज
झड़प के बाद पुलिस ने ABVP के एक छात्र के साथ मारपीट के मामले में कार्रवाई की है। पुलिस ने छह नामजद लोगों के अलावा करीब 50 से 60 NSUI और यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है। घटना के बाद यूनिवर्सिटी हॉस्टल परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है, ताकि राहुल गांधी के कार्यक्रम से पहले किसी तरह की अप्रिय स्थिति पैदा न हो।
आज पुणे में छात्रों से संवाद करेंगे राहुल गांधी
राहुल गांधी शनिवार को पुणे में छात्रों के साथ ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में संवाद करेंगे। इससे पहले वह इसी तरह के कार्यक्रम कोटा, देहरादून और प्रयागराज में कर चुके हैं। राहुल गांधी ने 17 जून को कोटा, 17 जुलाई को देहरादून और 8 अगस्त को प्रयागराज में छात्रों से संवाद किया था। इन कार्यक्रमों में उन्होंने पेपर लीक, प्रतियोगी परीक्षाओं और देश की शिक्षा व्यवस्था में सुधार जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया था। पुणे में कार्यक्रम से पहले छात्र संगठनों के बीच हुई झड़प ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। अब पुलिस की निगरानी के बीच राहुल गांधी छात्रों से संवाद करेंगे।
