Uttarakhand Tunnel Accident: निर्माणाधीन टनल में बड़ा हादसा, 7 मजदूरों की मौत, कई अब भी लापता
Uttarakhand Tunnel Accident: चमोली के पीपलकोटी में THDC की निर्माणाधीन टनल में भूस्खलन के बाद पानी और मलबा घुसा, 22 मजदूर फंसे
Uttarakhand Tunnel Accident: चमोली के पीपलकोटी में निर्माणाधीन टनल में भूस्खलन के बाद पानी और मलबा घुसने से बड़ा हादसा हुआ है। 22 मजदूरों के फंसने की सूचना के बीच 7 की मौत हो चुकी है और 13 को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। आखिर हादसे के बाद अब रेस्क्यू ऑपरेशन में क्या स्थिति है और लापता मजदूरों की तलाश कैसे की जा रही है? पूरी खबर पढ़ें।
उत्तराखंड के चमोली जिले में एक दर्दनाक हादसे ने हड़कंप मचा दिया है। पीपलकोटी स्थित विष्णुगाड़-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की निर्माणाधीन टनल में भारी भूस्खलन के बाद पानी, पत्थर और मलबा घुस गया। हादसे के समय टनल में काम कर रहे करीब 22 मजदूर इसकी चपेट में आ गए। हादसे में अब तक 7 मजदूरों की मौत की सूचना है, जबकि अन्य श्रमिकों की तलाश और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। आशंका है कि मृतकों का आंकड़ा बढ़ सकता है।
कैसे हुआ Uttarakhand Tunnel Accident?
जानकारी के मुताबिक, हादसा शाम करीब 6 बजकर 10 मिनट पर हुआ। जिस स्थान पर मजदूर काम कर रहे थे, उससे लगभग 150 मीटर दूर भूस्खलन हुआ। इसके बाद पानी के साथ भारी मात्रा में पत्थर और मलबा टनल के अंदर पहुंच गया और वहां काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए।
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस, SDRF, NDRF, ITBP, सेना और अन्य राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। रात करीब 9 बजे तक 13 मजदूरों को घायल अवस्था में बाहर निकालकर जिला अस्पताल गोपेश्वर पहुंचाया गया। वहीं, कुछ मजदूरों के अब भी मलबे में दबे होने की आशंका जताई गई है।
युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन
रेस्क्यू अभियान की निगरानी जिलाधिकारी गौरव कुमार कर रहे हैं। प्रशासन और बचाव दल टनल के अंदर फंसे मजदूरों तक पहुंचने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। हादसे की गंभीरता को देखते हुए राहत और बचाव कार्य को युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से रेस्क्यू ऑपरेशन तेज करने के निर्देश दिए। बताया गया कि घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री राज्य आपदा परिचालन केंद्र, देहरादून पहुंचे और वहां से राहत एवं बचाव अभियान की कमान संभाली।

Uttarakhand Tunnel Accident Helpline Number
चमोली के पीपलकोटी स्थित THDC की निर्माणाधीन टनल में हुई घटना के संबंध में जानकारी लेने के लिए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र, देहरादून की ओर से हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं।
हेल्पलाइन नंबर:
- 1070
- 0135-2710334
- 82188 67005
इन नंबरों पर हादसे, राहत-बचाव अभियान, रेस्क्यू किए गए लोगों और लापता मजदूरों से संबंधित जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
बढ़ सकता है मृतकों का आंकड़ा
हादसे के बाद सबसे बड़ी चिंता टनल में फंसे मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालने की है। सात मजदूरों की मौत की सूचना के बीच कई अन्य श्रमिकों की स्थिति को लेकर अभी भी रेस्क्यू टीमों की कार्रवाई जारी है। मलबे के भीतर किसी के फंसे होने की आशंका के चलते बचाव दल बेहद सावधानी के साथ अभियान चला रहे हैं।
