‘बॉर्डर 2’ को पछाड़ा, अब ‘धुरंधर 2’ की बारी? 9वें दिन Spider-Man ने मचाया तहलका

Spider Man Brand New Day

Spider-Man Brand New Day Box Office Collection: टॉम हॉलैंड की सुपरहीरो फिल्म ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ भारतीय बॉक्स ऑफिस पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है। रिलीज के दूसरे हफ्ते में पहुंच चुकी यह फिल्म अब भी सिनेमाघरों में दर्शकों की पहली पसंद बनी हुई है। पहले हफ्ते में 300 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई करने के बाद फिल्म ने 9वें दिन भी मजबूत कलेक्शन किया है। फिल्म ने महज 9 दिनों में ‘बॉर्डर 2’ के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है, जिससे भारतीय बॉक्स ऑफिस पर इसकी पकड़ और मजबूत होती नजर आ रही है।

9वें दिन कितनी कमाई हुई?

सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ ने रिलीज के 9वें दिन भारत में करीब 14.50 करोड़ रुपये नेट का कारोबार किया। दूसरे शुक्रवार को फिल्म के कलेक्शन में पिछले दिन के मुकाबले करीब 1.8 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसके साथ ही फिल्म का भारत में कुल नेट कलेक्शन लगभग 349.25 करोड़ रुपये पहुंच गया है। वहीं फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन करीब 417.63 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। अब फिल्म 350 करोड़ रुपये नेट क्लब में शामिल होने से बस एक कदम दूर है।

इंग्लिश वर्जन से सबसे ज्यादा कमाई

भारत में ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ को सबसे ज्यादा फायदा इसके इंग्लिश वर्जन से मिल रहा है। फिल्म के कुल नेट कलेक्शन में अंग्रेजी वर्जन की हिस्सेदारी करीब 191.35 करोड़ रुपये बताई जा रही है। वहीं हिंदी डब वर्जन ने लगभग 124.40 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। इसके अलावा तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ वर्जन से भी फिल्म को अच्छी कमाई मिली है।

READ MORE : राशन चावल की बड़ी हेराफेरी! 1225 क्विंटल चावल गायब, 50 लाख की रिकवरी अटकी; FIR दर्ज

‘बॉर्डर 2’ को पछाड़ा

टॉम हॉलैंड की फिल्म ने 9 दिनों के अंदर सनी देओल स्टारर ‘बॉर्डर 2’ को भी पीछे छोड़ दिया है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, ‘बॉर्डर 2’ ने भारत में अपने पूरे सफर के दौरान करीब 329.43 करोड़ रुपये नेट कमाए थे। इसके मुकाबले ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ ने महज 9 दिनों में करीब 349.25 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर लिया है। इस तरह फिल्म ने ‘बॉर्डर 2’ के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ते हुए साल की बड़ी कमाई करने वाली फिल्मों की लिस्ट में अपनी जगह और मजबूत कर ली है।

अब किस फिल्म के रिकॉर्ड पर नजर?

‘बॉर्डर 2’ को पीछे छोड़ने के बाद अब ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ के सामने अगली बड़ी चुनौती ‘धुरंधर: द रिवेंज’ का कलेक्शन है। हालांकि दोनों फिल्मों की कमाई के बीच अभी काफी बड़ा अंतर है।

ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि दूसरे हफ्ते में भी टॉम हॉलैंड की फिल्म अपनी रफ्तार कितनी बरकरार रख पाती है और भारतीय बॉक्स ऑफिस पर इसका अंतिम आंकड़ा कहां तक पहुंचता है।

Youthwings