रायपुर के तेलीबांधा चौक में भीषण आग, ऑक्टोपस बार समेत 4 दुकानें जलकर खाक
सुंदरानी हार्डवेयर में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, ज्वलनशील सामान के कारण विकराल हुई, 5 घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू
रायपुर। राजधानी के तेलीबांधा चौक स्थित दुकानों में देर रात भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आधी रात करीब 1 बजे सुंदरानी हार्डवेयर में अचानक आग लगी, जिसने पास ही स्थित ऑक्टोपस बार समेत करीब 4 दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। साथ ही दुकानों के सामने करीब 6 से ज्यादा दुपहिया वाहन भी जलकर स्वाहा हो गए।
लोगों ने छतों से कूदकर बचाई जान
आग लगने के बाद बार की ऊपरी मंजिल में फंसे कई लोगों ने दो से तीन छतों से कूदकर अपनी जान बचाई। दुकानों के साइड वाले घर में सो रहे लोगों को भी बाहर निकाला गया। सूचना मिलते ही मौके पर फायर ब्रिगेड, पुलिस और SDRF की टीमें पहुंचीं। हालांकि, सुंदरानी हार्डवेयर में पेंट और थ्रिनर जैसे ज्वलनशील सामान के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया और आसपास की दुकानों को चपेट में ले लिया।
5 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बुझी आग
आग बुझाने के लिए उरला, खमतराई और धरसींवा इलाकों से बजरंग पावर समेत कई निजी पॉवर प्लांटों की दमकल वाहनों को मौके पर बुलवाया गया। करीब 5 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की बात कही जा रही है, हालांकि इसके पुख्ता कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। सभी चारों दुकानों का पूरा सामान जलकर राख हो गया है।
देखें वीडियो-
Read more-
कोरबा की कोल पिच कार्बन फैक्ट्री में भीषण विस्फोट के बाद लगी आग, मची अफरा-तफरी
