गुयाना में नौका हादसा: 67 लोग बचाए गए, दर्जनों अब भी लापता, बचाव अभियान जारी
राजधानी जॉर्जटाउन से पोर्ट कैटुमा जा रही नाव पोमेरून नदी के पास पलटी, 17 चालक दल सदस्य भी सवार थे
जॉर्जटाउन/गुयाना। दक्षिण अमेरिकी देश गुयाना में एक बड़ा नौका हादसा हुआ है। 116 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को लेकर जा रही एमवी बारिमा (MV Barima) नामक नौका समुद्र में पलट गई। अब तक 15 बच्चों सहित 67 लोगों को बचाया जा चुका है, जबकि दर्जनों लोग अभी भी लापता हैं।
क्या है पूरा मामला?
यह यात्री नौका राजधानी जॉर्जटाउन से पोर्ट कैटुमा जा रही थी, जिसमें चालक दल के 17 सदस्य भी सवार थे। रास्ते में पोमेरून नदी के पास आयरन पंट के निकट देर रात अचानक नाव का बैलेंस बिगड़ गया और वह पलट गई। हादसे के तुरंत बाद डिस्ट्रेस कॉल भेजा गया, जिसके बाद प्रशासन ने तुरंत राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया।
लोक निर्माण मंत्री जुआन एडघिल ने बताया कि स्थानीय समयानुसार रात 11:01 बजे घटना की जानकारी मिली थी। उन्होंने बताया कि नौका में 250 लाइफ जैकेट, दो रिजिड लाइफ राफ्ट और छह इन्फ्लेटेबल लाइफ राफ्ट मौजूद थे।
बचाव अभियान जारी
हादसे के बाद तटीय इलाके में मेडिकल टीमें तैनात की गई हैं। बचाए गए लोगों को तुरंत इलाज मिल रहा है, जबकि बचाव दल लगातार समुद्र में लापता लोगों की तलाश कर रहा है। फिलहाल यह साफ नहीं हो सका है कि इस हादसे में किसी की मौत हुई है या नहीं।
प्रधानमंत्री का बयान
गुयाना के प्रधानमंत्री मार्क फिलिप्स ने रविवार सुबह एक प्रेसवार्ता में कहा कि जब तक सभी प्रयास पूरे नहीं हो जाते, तब तक बचाव अभियान जारी रहेगा। लापता लोगों की सही संख्या अभी तक सार्वजनिक नहीं की गई है।
Read more-
US Iran War News: ट्रंप की स्ट्राइक चेतावनी, ईरान के प्रस्ताव पर सस्पेंस बरकरार
