तामिया के एकलव्य स्कूल में भोजन विवाद: छात्रों ने धरना शुरू किया, कलेक्टर से मिलने की जिद पर अड़े
हॉस्टल के खाने में कीड़े निकलने के आरोप, स्कूल प्रबंधन की लापरवाही से नाराज छात्र बारिश में धरने पर बैठे, प्रशासनिक टीम पहुंची लेकिन छात्र नहीं माने
तामिया (छिंदवाड़ा)। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब हॉस्टल के भोजन की खराब गुणवत्ता को लेकर छात्र-छात्राओं का गुस्सा फूट पड़ा। स्कूल प्रबंधन की लापरवाही से नाराज सैकड़ों छात्र तेज बारिश के बीच सुबह 8 बजे से ही विद्यालय परिसर में धरने पर बैठ गए हैं। छात्रों का साफ कहना है कि जब तक जिला कलेक्टर खुद आकर उनसे मुलाकात नहीं करते, तब तक उनका यह आंदोलन समाप्त नहीं होगा।

खाने में निकल रहे कीड़े, शिकायत के बाद भी प्रबंधन मौन
प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं ने हॉस्टल प्रबंधन पर बेहद गंभीर और लापरवाही के आरोप लगाए हैं। छात्रों का कहना है कि हॉस्टल में मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता लंबे समय से बेहद खराब है। कई बार खाने में कीड़े तक निकल चुके हैं लेकिन इसके बावजूद बच्चों को वही खाना परोस दिया जाता है।
इस समस्या को लेकर छात्र विद्यालय प्रबंधन से कई बार मौखिक और लिखित शिकायत कर चुके हैं, लेकिन हर बार केवल खोखला आश्वासन ही मिला। आखिरकार परेशान होकर बच्चों को आंदोलन का रास्ता चुनना पड़ा।
कलेक्टर से मिलने की जिद पर अड़े छात्र
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और छात्रों को समझाकर धरना समाप्त कराने की कोशिश की। लेकिन छात्र अपनी मांग पर अड़े हुए हैं। आंदोलनकारी छात्र-छात्राओं ने दोटूक कहा है कि प्रबंधन की झूठी बातों पर अब उन्हें भरोसा नहीं है, वे अपना धरना तभी खत्म करेंगे जब जिला कलेक्टर खुद मौके पर आकर उनकी समस्या सुनेंगे।
फिलहाल, बारिश के बीच बच्चों का प्रदर्शन जारी है और स्कूल परिसर में तनाव का माहौल बना हुआ है। छात्रों का यह आंदोलन एकलव्य आवासीय विद्यालयों में भोजन की गुणवत्ता और प्रबंधन की जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
देखें वीडियो –
Read more-
पांच दिवसीय मध्य प्रदेश दौरे पर राष्ट्रपति मुर्मू: इंदौर-बैतूल के बाद पहुंचीं ओंकारेश्वर
